कारोबारी को कार में बुलाकर गोली मारी, तड़पता रहा, दो घंटे घूमाते रहे, अस्पताल में मौत
यूपी के हाथरस में हार्डवेयर और सेनेटरी के कारोबारी को कार में बुलाकर गोली मार दी गई। इसके बाद कारोबारी को तड़पता हुआ कार में लेकर दो घंटे घूमाते रहे। बाद में मअस्पताल में कारोबारी ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने सोलर के पैसे के लेनदेने को वारदात का कारण बताया है।

UP News: यूपी के हाथरस में मुरसान क्षेत्र के दयालपुर निवासी हार्डवेयर व सेनेटरी कारोबारी की रविवार को सोलर सिस्टम के रुपयों के लेनदेन को लेकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी उसे घर से बुलाकर ले गए और रास्ते में गाड़ी में उसे गोली मार दी। आरोपी घायल कारोबारी को दो घंटे तक गाड़ी में लेकर घूमते रहे। कारोबारी ने अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर गाड़ी भी बरामद हुई है।
नौकर के सामने ही बुलाकर ले गए
मूल रूप से जिला अलीगढ़ के थाना इगलास क्षेत्र के गांव असरोई निवासी सुनील चौधरी (44) अपने परिवार के साथ कोतवाली मुरसान क्षेत्र के दयालपुर में मकान बनाकर रह रहा था। उसकी परिसर में नीचे हाईवेयर व सेनेटरी की दुकान है। पिता जगवीर सिंह रिटायर्ड अध्यापक हैं। पत्नी अंजू जिला मथुरा के राया क्षेत्र के सरूपा गांव के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका है। सुनील चौधरी के भाई विकास चौधरी का कहना है कि शनिवार की देर शाम सुखवीर फौजी और अजय बुलाकर अपने साथ ले गए। उस समय घर पर हमारा नौकर आकाश सुनील के साथ अकेला था।
सीसीटीवी में आने-जाने के फुटेज
कारोबारी को ले जाते हुए आकाश ने देखा था। इसके अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे में आने एवं जाने की वीडियो भी रिकॉर्ड हुआ है। रात करीब 11:00 बजे जानकारी मिली कि कारोबारी को गोली मार दी गई है। विकास अपने छोटे भाई सचिन व अतुल को साथ लेकर मौके पर पहुंचा तो देखा कि कारोबारी एम्बुलेंस में घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। उसे पूरा होश था। घायल कोराबारी ने बताया कि उसे सुखबीर फौजी, अजय घर से अजय की गाड़ी में बुला कर लाये।
पहले पीटा फिर मारी गोली
रास्ते में चन्दन, अजय और सुखबीर फौजी ने उसे जमकर पीटा। बाद में सुखबीर ने चन्दन से पिस्टल लेकर उसे गोली मार दी। गोली मारने के बाद रास्ते में उसे गाड़ी में लेकर घूमाते रहे। वह आपस में बात करते रहे और कोराबारी घायल अवस्था में गाड़ी में पड़ा रहा। आरोपी कारोबारी को मृत समझकर हाथरस के एक निजी अस्पताल लेकर गए। जहां से चिकित्सक ने उसे हायर मेडिकल सेंटर अलीगढ़ रेफर कर दिया।
अस्पताल में तोड़ा दम
आरोपी कारोबारी सुनील को अलीगढ़ ले जा रहे थे। इसी बीच सुनील का भाई अन्य दो लोगों के साथ पहुंच गया। इसके बाद घायल सुनील की हालत बिगड़ने लगी। विजय उसे उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज लेकर गया। वहां उपचार के दौरान कारोबारी ने दम तोड़ दिया। भाई विकास चौधरी ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सोलर के पैसे और लेनदेन का विवाद
सीओ सादाबाद जेएन अस्थाना ने बताया कि कारोबारी सुनील चौधरी के घर पर सुखबीर उर्फ फौजी ने करीब ढाई लाख रुपये का सोलर सिस्टम लगाया था। इसी सोलर सिस्टम के भुगतान को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। यह विवाद बाद में खूनी संघर्ष में बदल गया। पैसे के लेनदेन को लेकर ही गोली मारने का मामला सामने आ रहा है। इस मामले में एक आरोपी गिरफ्तार हो चुका है और कार भी बरामद कर ली गई है। आगे की कार्रवाई और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।




साइन इन