Conspiracy to trap girlfriend fiance threat to bomb Jaunpur court arrested प्रेमिका के मंगेतर को फंसाने के लिए रची साजिश, जौनपुर कोर्ट को बम से उड़ाने की दी धमकी, गिरफ्तार, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

प्रेमिका के मंगेतर को फंसाने के लिए रची साजिश, जौनपुर कोर्ट को बम से उड़ाने की दी धमकी, गिरफ्तार

आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने प्रेमिका व उसके मंगेतर को फंसाने के इरादे से जौनपुर कोर्ट परिसर व पुलिस लाइन गेट को बम से उड़ाने की धमकी भरी ईमेल भेजने वाले विशाल रंजन को रविवार को आजमगढ़ से गिरफ्तार किया है।

Sun, 22 Feb 2026 11:22 PMDinesh Rathour लखनऊ, विशेष संवाददाता
share
प्रेमिका के मंगेतर को फंसाने के लिए रची साजिश, जौनपुर कोर्ट को बम से उड़ाने की दी धमकी, गिरफ्तार

लखनऊ की आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने प्रेमिका व उसके मंगेतर को फंसाने के इरादे से जौनपुर कोर्ट परिसर व पुलिस लाइन गेट को बम से उड़ाने की धमकी भरी ईमेल भेजने वाले विशाल रंजन को रविवार को आजमगढ़ से गिरफ्तार किया है। वह आजमगढ़ के हड़हा बाबा नरौली में किराये के कमरे में रह रहा था। एटीएस ने विशाल को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से पांच मोबाइल फोन, एक लैपटाप, दो मेमोरी कार्ड व चार सिम बरामद हुए हैं।

एटीएस के अनुसार, आरोपित ने पीपीएन का पेड वर्जन प्रयोग कर अलग-अलग लोगों से वाइफाई कनेक्शन लेकर धमकी भरी ईमेल भेजने का षड्संत्र रखा था ताकि पुलिस उस तक न पहुंच सके। आरोपित ने 17 फरवरी को जौनपुर के जिला जज की सरकारी ईमेल आईडी पर पांच ईमेल भेजी थीं। जांच में सामने आया कि सभी मेल अलग-अलग आइडी, जो भिन्न नामों से लिए गए मोबाइल नंबरों से इंटरनेट प्रयोग कर भेजी गई थीं।

आरोपित ने वीपीएन के पेड वर्जन का प्रयोग कर आईपी प्राक्सी कर प्रोटान मेल पर ही मेल आईडी बनाकर जौनपुर न्यायालय परिसर व जौनपुर पुलिस लाईन गेट को उड़ाने की धमकी दी थी। मेल में कुछ मोबाइल नंबर अंकित करते हुए मुख्यमंत्री से एक लाख रुपये भिजवाने की धमकी दी थी। मामले में जौनपुर के थाना लाइन बाजार में मुकदमा दर्ज कराया गया था। ईमेल की जांच एटीएस को सौंपी गई थी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:तंगी से जूझ रहे अधेड़ ने उजाड़ा था परिवार, पांच लोगों की आत्महत्या से उठा पर्दा
read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी के इस जिले में तेज रफ्तार बाइक चलाने पर बवाल, जमकर चले पत्थर; 17 घायल

एटीएस ने जुटाए पुख्ता इलेक्ट्रानिक साक्ष्य

एटीएस के अनुसार आरोपित ने जिस ईमेल आईडी से धमकी दी थी, उन नामों से तथा अन्य अलग-अलग नामों से प्रोटान मेल, जीमेल, आउट लुक की लगभग 50 ईमेल आईडी मिलीं। मोबाइल व लैपटाप की पड़ताल में अलग-अलग नामों से लगभग 20 फेसबुक आईडी भी मिलीं। आरोपित ने सोशल मीडिया से महिलाओं की तस्वीरें डाउनलोड कर अश्लील कंटेट भी तैयार किया था। आजमगढ़ रोडवेज को बम से उड़ाने की धमकी का मैसेज भी तैयार किया था, जिसमें जौनपुर कोर्ट को उड़ाने की धमकी देने वाले ईमेल में दर्ज मोबाइल नंबरों को ही लिख रखा था। उसने धमकी भरी दूसरी ईमेल परिवहन निगम की ईमेल आईडी पर भेजने की योजना बनाई थी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में चाय के बाद खाने के लिए पत्नी का कत्ल, पति ने प्रेशर कुकर से मार डाला

प्रेमिका के मंगेतर व साथियों को भिजवाना चाहता था जेल

एटीएस के अनुसार, आरोपित विशाल अपनी प्रेमिका से बदला लेना चाहता था। पूछताछ में उसने बताया कि वह जिस युवती से वह प्यार करता था, उसकी शादी जौनपुर के एक युवक से तय हो गई थी। वह यह रिश्ता तुड़वाना चाहता था। विशाल ने पहले प्रेमिका के मंगेतर की फर्जी ईमेल आईडी बनाकर आपत्ति जनक पोस्ट कीं। जिसके बाद दोनों पक्ष में पंचायत हुई थी, आरोपित विशाल को पंचायत में माफी मांगनी पड़ी थी। बदला लेने के लिए उसने पंचायत में मंगेतर पक्ष से शामिल हुए लोगों के मोबाइल नंबर तलाशे। गांव में आयोजित एक क्रिकेट टूर्नामेंट के पंपलेट से उसे प्रेमिका के मंगेतर के गांव के युवकों के नंबर मिले थे। विशाल ने उन युवकों के नाम के साथ-साथ अपनी प्रेमिका के मंगेतर के नाम से भी फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर व उनके मोबाइल नंबरों का प्रयोग कर जौनपुर न्यायालय परिसर एवं पुलिस लाईन गेट को बम से उड़ाने की धमकी दी थी, जिससे पुलिस सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दे।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।