सीएम योगी बोले- युद्धस्तर पर चलाएं अभियान; PWD की समीक्षा में DM-कमिश्नर को भी सौंपा जिम्मा
सीएम योगी ने निर्देश दिया कि युद्धस्तर पर अभियान चलाकर सड़क निर्माण के कामों में तेजी लाई जाए। हर काम गुणवत्ता के साथ समय सीमा के अंदर पूरा किया जाए। उन्होंने मानसून से पहले की परियोजनाओं पर विशेष ध्यान देने और उन्हें समय से पूरा कराने का निर्देश दिया।

CM Yogi in Gorakhpur : सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को एनेक्सी भवन में गोरखपुर और आजमगढ़ मंडल में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कामों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने शासन और विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से दोनों मंडलों में पुरानी और अभी चल रही परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। सीएम ने निर्देश दिया कि युद्धस्तर पर अभियान चलाकर सड़क निर्माण के कामों में तेजी लाई जाए और हर काम गुणवत्ता के साथ समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने मानसून से पहले की परियोजनाओं पर विशेष ध्यान देने और उन्हें समय से पूरा कराने का निर्देश दिया। बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव ने पिछले वर्ष के कार्यों का लेखा-जोखा भी प्रस्तुत किया। सीएम ने कहा कि साल 2026-27 की कार्ययोजना के मद्देनजर पीडब्ल्यूडी के अधिकारी गोरखपुर और आजमगढ़ मंडल के सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर सड़कों का निर्माण कराएं। इसकी कार्ययोजना तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय से धनराशि स्वीकृत हो सके। साथ ही टेंडर प्रक्रिया भी समय से पूरी की जाए। कामों में गति लाने के लिए संबंधित कमिश्नर और जिलाधिकारी अपने-अपने स्तर पर नियमित बैठकें कर समीक्षा करें, जिससे निर्माण कार्यों की प्रगति हर हाल में सुनिश्चित हो सके।
जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराएं काम
सीएम ने निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर प्राथमिकता तय कर सड़कों का काम तत्काल शुरू कराया जाए, जिससे आम नागरिकों को इसका सीधा लाभ मिल सके। जून के अंत तक सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त कर ली जाएं और इसके तुरंत बाद शिलान्यास कराया जाए। सभी जरूरी संसाधनों की व्यवस्था करने के बाद ही काम शुरू किया जाए, ताकि काम बीच में न रुके और समय से पूरा हो।
श्रमिकों की सुरक्षा के हों पुख्ता इंतजाम
सीएम योगी ने कामों की प्रभावी निगरानी पर जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे मौके का मुआयना करें और तकनीक के माध्यम से ऑनलाइन मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने सेतु निगम के कामों में सुरक्षा मानकों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह से खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। उनके लिए सुरक्षा किट का पूरा इंतजाम रहे। सभी विभाग आपस में बेहतर समन्वय के साथ काम करें।
सीएम ने मोहन सेतु की प्रगति की भी ली जानकारी
सीएम योगी ने देवरिया में निर्माणाधीन 'मोहन सेतु' के कामों की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को कार्यस्थल का निरीक्षण करने और सेतु निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। सीएम ने यह भी कहा कि जो भी ठेकेदार 'बिलो टेंडर' ले रहे हैं, उन पर पैनी नजर रखी जाए और ऐसे लोगों को चिह्नित किया जाए।
बैठक में केंद्रीय मंत्री और बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान, गोरखपुर के सांसद रवि किशन, कुशीनगर के सांसद विजय दुबे, कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम, राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह, विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक श्रीराम चौहान, विपिन सिंह, फतेह बहादुर सिंह, महेंद्र पाल सिंह, प्रदीप शुक्ल, राजेश त्रिपाठी, विमलेश पासवान, सरवन निषाद, शलभ मणि त्रिपाठी, ऋषि त्रिपाठी, ज्ञानेंद्र सिंह, जयप्रकाश निषाद, पीएन पाठक, विवेकानंद पांडेय समेत गोरखपुर और आजमगढ़ मंडल के विधानसभा क्षेत्रों के विधायक मौजूद रहे।




साइन इन