यूपी में भ्रष्टाचार पर ऐक्शन तेज, इस जिले में 55 हजार की घूस लेते रंगे हाथ पकड़े गए डिप्टी सीएमओ
अल्ट्रासाउंड क्लीनिक के रजिस्ट्रेशन के एवज में 55 हजार रुपये घूस लेते इटावा के डिप्टी सीएमओ डॉ. श्रीनिवास यादव को विजिलेंस की टीम ने रंगेहाथों गिरफ्तार किया। टीम उन्हें लेकर सिविल लाइन थाने पहुंची जहां देर शाम भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराने के बाद कानपुर लेकर चली गई।

UP News : उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ ताबड़तोड़ ऐक्शन शुरू हो गया है। बुधवार को जहां प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव को विजिलेंस ने आय से अधिक संपत्ति मामले में गिरफ्तार कर लिया वहीं इटावा में डिप्टी सीएमओ रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए। अल्ट्रासाउंड क्लीनिक के रजिस्ट्रेशन के एवज में 55 हजार रुपये घूस लेते इटावा के डिप्टी सीएमओ डॉ. श्रीनिवास यादव को बुधवार को विजिलेंस की टीम ने रंगेहाथों उनके दफ्तर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद टीम उन्हें लेकर सिविल लाइन थाने पहुंची जहां देर शाम भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराने के बाद कानपुर लेकर चली गई।
ऊसराहार निवासी नवीन कठेरिया ने बताया कि वह अपनी पत्नी प्रिया के नाम से श्रीजी अल्ट्रासाउंड क्लीनिक खोलना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने चार जून को स्वास्थ्य विभाग में आवेदन किया। क्लीनिक के पंजीकरण और अन्य आवश्यक अनुमति देने के लिए डिप्टी सीएमओ डॉ. श्रीनिवास यादव ने साढ़े तीन लाख रुपये मांगे। नवीन ने बताया कि वह ढाई लाख रुपये दे चुके थे बावजूद इसके शेष धनराशि देने का दबाव बना रहे थे। इसकी शिकायत उन्होंने विजिलेंस की कानपुर टीम से की। कानपुर इकाई के एसपी विजिलेंस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई तो मामला सही पाया गया। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से बुधवार को एक ट्रैप टीम सीएमओ कार्यालय पहुंची।
शिकायतकर्ता ने जैसे ही रुपए थमाए, टीम ने रंगे हाथों पकड़ लिया
डिप्टी सीएमओ के दफ्तर में शिकायतकर्ता नवीन कठेरिया ने जैसे ही 55 हजार रुपये डॉ. श्रीनिवास को थमाए टीम ने रंगहाथों धर दबोचा। कार्रवाई के दौरान कार्यालय परिसर में अफरातफरी की स्थिति बन गई। आनन-फानन ट्रैप टीम डिप्टी सीएमओ को लेकर निकली और सीधे सिविल लाइन थाने पहुंची। यहां मुकदमा दर्ज कराया गया। एसएसपी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि कानपुर विजिलेंस की टीम ने डिप्टी सीएमओ डॉ. श्रीनिवास यादव को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। टीम उनको लेकर सिविल लाइन थाने पहुंची थी। मुकदमा दर्ज कराने के बाद कानपुर लेकर चले गए।




साइन इन