होली को लेकर सीएम योगी ने दे दिए निर्देश, इन लोगों पर रहेगी खास नजर, पूरे यूपी में अलर्ट जारी
सीएम योगी के निर्देश पर परिवहन विभाग ने पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी कर दिया है। होली पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों, ओवरलोडिंग और बिना हेलमेट या सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

UP News: होली को देखते हुए सीएम योगी के निर्देश पर परिवहन विभाग ने पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी कर दिया है। होली पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों, ओवरलोडिंग और बिना हेलमेट या सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
साथ ही लंबी दूरी की बसों में दो ड्राइवर अनिवार्य किए गए हैं, शनिवार से अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी और सभी अधिकारियों को फील्ड में रहकर आमजन के फोन उठाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं, ताकि त्योहार के दौरान हर सफर सुरक्षित और सुगम रहे। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर होली पर सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए कहा है।
परिवहन विभाग को मंत्री का निर्देश
परिवहन मंत्री ने इसके बाद विभाग को निर्देश दिए हैं कि होली के दौरान बसों की सुरक्षित आवाजाही के साथ उनके फेरों की संख्या बढ़ाई जाए। 28 फरवरी से नौ मार्च तक दिल्ली से पूर्वी दिशा की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। लखनऊ और कानपुर में अतिरिक्त बसों की व्यवस्था रहेगी। होली के बाद विभिन्न क्षेत्रों से मुख्य रूप से दिल्ली, जयपुर, कानपुर और लखनऊ से पूर्वी उत्तर प्रदेश के शहरों के लिए पर्याप्त बसें चलेंगी।
बिना ईटीएम मार्ग पर नहीं चलाई जाएंगी बसें
निगम की किसी भी बस को बिना ईटीएम (इलेक्ट्रानिक टिकट मशीन) के मार्ग पर नहीं चलाया जाएगा। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए मंत्री ने कहा कि सभी प्रमुख मार्गों, राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर विशेष जांच अभियान चलाया जाए। वाहनों में ज्वलनशील सामग्री या गैस सिलेंडर ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, यदि किसी वाहन को नियम उल्लंघन में रोका जाता है तो यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन निगम तुरंत वैकल्पिक बस उपलब्ध कराए।
शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर होगी कार्रवाई
शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और ब्रेथ एनालाइजर से नियमित जांच की जाएगी। आमजन को जागरूक करने के लिए संभागीय और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी तथा क्षेत्रीय प्रबंधक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाएंगे।सात दिन कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा। होली के दौरान अधिकारी आम लोगों के फोन कॉल अवश्य उठाएंगे और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे। अनफिट बसों का संचालन नहीं होगा।
होली पर न हो बिजली कटौती, दुर्घटनाएं भी नहों - एके शर्मा
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने होली में बिजली कटौती न किए जाने के आदेश दिए हैं। शुक्रवार को शक्ति भवन में समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि होली पर्व के दौरान प्रदेश में कहीं भी अनावश्यक विद्युत कटौती न हो और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि किसी प्रकार की विद्युत दुर्घटना न घटे। मंत्री ने होली के अलावा गर्मियों में बिजली आपूर्ति की समीक्षा की। मंत्री ने कहा कि गर्मियों के लिए अभी से तैयारियां करें। गर्मियों से पहले ही अनुरक्षण कार्य करवा लिए जाएं। ट्रांसफॉर्मर, लाइन, केबल, तेल परिवर्तन व अन्य तकनीकी काम समय रहते पूरे किए जाएं, ताकि गर्मी में उपभोक्ताओं को समस्या न हो।




साइन इन