जाति, संप्रदाय की आस्था पर अमर्यादित टिप्पणी स्वीकार नही, पुलिस भर्ती पेपर में पंडित शब्द पर सख्त दिखे योगी
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में आए प्रश्नपत्र में पंडित शब्द को लेकर विवाद शुरू हो गया है। सीएम योगी ने मामले सख्ती दिखाई है। इस संबंध में सीएम योगी ने भर्ती बोर्ड के अध्यक्षों को निर्देश दिया है।

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा प्रश्नपत्र संबंधी मामले पर सख्त रवैया अपनाया है। उन्होंने सभी भर्ती बोर्ड के अध्यक्षों को निर्देश दिया है कि किसी भी व्यक्ति, जाति, पंथ, संप्रदाय की मर्यादा और आस्था के विषय में अमर्यादित टिप्पणी न हो। ऐसी टिप्पणी किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयोग व बोर्ड के अध्यक्ष इसका संज्ञान लेते हुए सभी पेपर सेटर्स को भी निर्देशित करें और आदतन अपराध को तत्काल प्रतिबंधित किया जाए। यह विषय पेपर सेटर्स के एमओयू का भी हिस्सा भी बनाएं। प्रदेश में छह भर्ती आयोग और बोर्ड हैं। इनके द्वारा भर्तियों के लिए प्रश्नपत्र तैयार कराने के साथ परीक्षाएं कराती जाती हैं। मुख्यमंत्री ने दरोगा भर्ती परीक्षा के प्रश्न को लेकर हुए विवाद के बाद यह निर्देश रविवार की सुबह सभी को दिया है।
फसलों के नुकसान का आकलन करें
मुख्यमंत्री ने रविवार सुबह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हुई बारिश से फसलों को होने वाले नुकसान संबंधी जानकारी ली। उन्होंने सभी जिलाधिकारी और अधिकारियों को फील्ड में रहकर किसानों से संवाद करने और उनकी फसलों के नुकसान का आकलन करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि राहत आयुक्त फील्ड के अधिकारियों से सीधा समन्वय रखें। साथ ही फसलों को होने वाली क्षति का आकलन प्राप्त कर ससमय मुआवजे के वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
उच्च शिक्षा मंत्री ने भी पंडित विकल्प पर जताई आपत्ति
यूपी पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र में पूछे गए एक सवाल को लेकर विवाद खड़ा हो गया और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने रविवार को इस मामले में जांच की मांग की। रविवार को जारी एक बयान में राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने प्रश्न के विकल्पों में 'पंडित' शब्द शामिल किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने इसे अनुचित और आपत्तिजनक बताते हुए कहा कि यह सामाजिक समरसता को प्रभावित करने वाला कदम है। उपाध्याय ने कहा कि यह कृत्य मानसिक विकृति से ग्रस्त किसी प्रश्न पत्र बनाने वाले की जानबूझकर की गई हरकत प्रतीत होता है। उन्होंने दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। मंत्री ने कहा कि किसी भी जाति, वर्ग या परंपरा का अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा। देवरिया से भाजपा विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की।




साइन इन