सीएम योगी ने अनुदेशकों को बढ़े मानदेय के साथ दी एक और बड़ी सौगात, किया ये ऐलान
सीएम योगी ने अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान और बढ़े हुए मानदेय वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय के साथ ही 5 लाख रुपए तक के कैशलेस इलाज की सौगात भी दी। सीएम योगी ने कहा कि बेसिक शिक्षा द्वारा तैयार पोर्टल पर जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन करा लें।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को लखनऊ में अंशकालिक प्रशिक्षक सम्मान समारोह और चेक वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय के साथ ही 5 लाख रुपए तक के कैशलेस इलाज की सौगात भी दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि सरकार केवल बोल नहीं रही है बल्कि करके दिखा रही है।
लखनऊ स्थित लोकभवन सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में सीएम योगी ने अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान और बढ़े हुए मानदेय वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बता दें कि सरकार द्वारा पहले जारी शासनादेश के तहत अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि का निर्णय लिया गया था। बढ़ा हुआ मानदेय एक अप्रैल 2026 से प्रभावी किया गया है। इसके तहत प्रदेश भर में प्रतीकात्मक चेक वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इस संबंध में बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए थे। निर्देश में कहा गया था कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाले कार्यक्रम के समानांतर सभी जिलों में भी भव्य आयोजन सुनिश्चित किए जाएं।
लखनऊ में आयोजित समारोह में सीएम योगी ने कहा कि अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय को 2022 में दो हजार रुपए बढ़ाया गया था। हम लोग इससे स्वयं संतुष्ट नहीं थे। नींव अक्सर दिखाई नहीं देती लेकिन वह सबसे कठिन काम होता है। यदि नींव ही मजबूत नहीं होगी तो मजबूत इमारत नहीं बन पाएगी इसलिए अनुदेशक हों, शिक्षा मित्र हों, हम लोगों का मानना है मानदेय सम्मानजनक होना चाहिए और उनका काम भी उतना ही गरिमापूर्ण होना चाहिए। सीएम योगी ने कहा कि ये अच्छा है कि अनुदेशकों ने अपनी मांग के लिए कभी भी जबरन रास्ता नहीं अपनाया। सीएम योगी ने कहा कि हम 17 हजार रुपए मानदेय तो दे रहे हैं लेकिन साथ में 5 लाख रुपए के स्वास्थ्य बीमा का कवर भी मुहैया करा रहे हैं। अनुदेशक और उनके परिवारों को कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा शिक्षा मित्रों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को भी मिल रही है।
सीएम योगी ने कहा कि बेसिक शिक्षा द्वारा तैयार पोर्टल पर जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन करा लें। हम अगले हफ्ते से कार्ड वितरण भी शुरू कर देंगे। सीएम योगी ने कहा कि यह आज की आवश्यकता है। सबसे बड़ी बात संवेदना की है। सीएम योगी ने कहा कि 2019 में छह महीने के मानदेय सहित मातृत्व अवकाश की सुविधा भी प्रदान की गई थी। हमने 2023 में स्वेच्छा से विद्यालय परिवर्तन का विकल्प भी दिया था। चार हजार से अधिक अनुदेशकों को स्वेच्छा के अनुसार विद्यालय परिवर्तन करने का अधिकार दिया है। हमने स्कूल चलो अभियान प्रारंभ किया था।
सीएम ने कहा कि 2017 के पहले के समय का उल्लेख करते हुए कहा कि जब राजनीतिक नेतृत्व ही भ्रष्ट और अनिर्णय की स्थिति का शिकार हो, स्वयं दिग्भ्रमित हो तो अपनी विफलता का दोषारोपण शिक्षकों, अनुदेशकों या अन्य कार्मिकों पर नहीं थोपा जाना चाहिए। यही हो रहा था। बेसिक शिक्षा को लेकर सरकार की कोई पॉलिसी ही नहीं थी उस समय। हम लोगों ने स्कूल चलो अभियान प्रारंभ किया। ऑपरेशन कायाकल्प किया। ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से बेसिक शिक्षा परिसर के विद्यालयों में संतृप्तिकरण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है और हम कह सकते हैं कि आज 96% विद्यालय ऐसे हैं जहां सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं जो कि आवश्यक थीं।




साइन इन