बच्चों ने गिलास में पटाखा रखकर फोड़ा, गले में टुकड़ा धंसने से पड़ोसी महिला की मौत
कुशीनगर में बच्चों की लापरवाही से एक महिला की जान चली गई। दरअसल, स्टील के गिलास में पटाखा फोड़ने से एक टुकड़ा पास में बैठी महिला के गले में धंस गया। जिससे उसकी मौत हो गई।

कुशीनगर के हाटा कोतवाली क्षेत्र में बच्चों की लापरवाही एक महिला की जान पर भारी पड़ गई। ढाढ़ा खुर्द के बेलवनिया मोहल्ले में स्टील के गिलास में पटाखा फोड़ने से गिलास का टुकड़ा पास में बैठी महिला के गले में धंस गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पटाखा फोड़ने वाले दो बच्चों के परिजनों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
ढाढ़ा खुर्द के बेलवनिया मोहल्ला की रहने वाली दीनानाथ की पत्नी कलावती देवी शनिवार की देर शाम अपने दरवाजे पर बैठी थीं। बगल में दो बच्चे एक स्टील के गिलास में पटाखा जला रहे थे। स्टील का गिलास फट गया और उसका एक टुकड़ा कलावती के गले में धंस गया। परिजन एंबुलेंस से महिला को देवतहां सुकरौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए। वहां डाक्टरों ने कलावती को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने सूचना हाटा कोतवाली पुलिस को दी। पटाखा जला रहे बच्चों के परिजनों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। मोहल्ले में पुलिस तैनात की गई है।
शादी से पटाखा चुराकर लाए थे बच्चे
जानकारी के मुताबिक दो बच्चों द्वारा पटाखा जलाने से स्टील का गिलास फट गया और उसका टुकड़ा थोड़ी दूरी पर बैठी महिला के गले में जा धंसा। गंभीर रूप से घायल महिला को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। जब बच्चे पटाखा जला रहे थे उस दौरान कलावती देवी देर शाम अपने दरवाजे पर बैठी थीं। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि ढाढा खुर्द बेलवनिया में शुक्रवार को मोहल्ले में एक शादी की बारात आई थी, जिसमें पटाखा जला रहे युवक का पटाखा कुछ बच्चों ने चुरा लिया था जिस पर लोगों में विवाद भी हुआ था। शनिवार की देर शाम वहीं बच्चे गिलास में पटाखा रखकर जला रहे थे कि गिलास फट कर महिला के गले में लग गया और उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों बच्चों को हिरासत में लिया
किसी को ये अंदाजा नहीं था कि बच्चों के इस लापरवाही से एक महिला की जान चली जाएगी। इस मामले में पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।दोनों बच्चों को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है और लोग इस हादसे को लेकर स्तब्ध हैं।




साइन इन