प्रसव पीड़ा बर्दाश्त नहीं कर सकी महिला, खुद ही चाकू से फाड़ा पेट, बाहर आईं आंतें
बहराइच में प्रसव पीड़ा से परेशान एक महिला ने अपने पेट को चाकू से फाड़कर बच्चा निकालने का खौफनाक कदम उठाया। इससे उसकी आंतें बाहर निकल आईं। हालत बिगड़ने पर उसे एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां सामान्य तरीके से बच्ची का जन्म हुआ लेकिन महिला गम्भीर है।

यूपी के बहराइच से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहा प्रसव पीड़ा से परेशान एक महिला ने अपने पेट को चाकू से फाड़कर बच्चा निकालने का खौफनाक कदम उठाया। इससे उसकी आंतें बाहर निकल आईं। हालत बिगड़ने पर उसे एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज लाया गया।अस्पताल चौकी पर तैनात सिपाही नीलेश कुमार ने ओटी पहुंचाया। वहां सामान्य तरीके से बच्ची का जन्म हुआ लेकिन महिला गम्भीर है। उसे लखनऊ केजीएमयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
घटना गुरुवार की दोपहर की है। बौंड़ी थाने के नंदवल गांव की रहने वाली 32 साल की ननकई के पति बड़कऊ की पांच महीने पहले मौत हुई। उस समय ननकई गर्भवती थी। उसके पहले से पांच बच्चे है। किसी प्रकार गर्भवती ननकई बच्चों की आजीविका चला रही थी। गुरुवार सुबह उसे प्रसव पीड़ा होने लगी। दर्द इतना असहनीय हो गया कि उसने अपने पेट पर पहले ब्लेड से चीरा मार लिया। उसके कुछ देर में चाकू से पेट फाड़ने की कोशिश की। सूचना पर मायके से परिजन पहुंच गए।
केजीएमयू में महिला भर्ती
आनन-फानन में गांव के ही कृष्ण मोहन की मदद से पीड़िता को गंभीरावस्था में एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज लाया गया। अस्पताल चौकी पर तैनात सिपाही नीलेश कुमार ने तत्काल घायल महिला को इमरजेंसी से ओटी पहुंचाया। जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों की टीम ने प्राथमिक इलाज कर उसे लखनऊ केजीएएमयू रेफर कर दिया है। जबकि नवजात को चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती कर दिया गया है।
नवजात की हालत सामान्य, मां की गंभीर
इस मामले में इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. राजेश सोनकर ने बताया कि महिला बेहद गंभीर हालत में अस्पताल आई थी। ब्लड प्रेशर असामान्य था। बच्ची सामान्य तरीके से जन्मी है। घायल महिला को गंभीरावस्था में लाए जाने पर लखनऊ केजीएएमयू रेफर कर दिया गया है। नवजात का शहर स्थित मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। फिलहाल महिला की हालत नाजुक है।
महिला का फटा हुआ था पेट
इस मामले में डॉ. एमएमएम त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, ने बताया कि महिला गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज लाई गई थी। जांच में उसका पेट फटा हुआ पाया गया और घाव किसी धारदार हथियार से लगने जैसे प्रतीत हो रहे थे। चोट के कारण उसके अंदरूनी अंग बाहर आ गए थे। इस बीच महिला ने एक बच्ची को सामान्य प्रसव से जन्म दिया। नवजात की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन प्रसूता की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। बेहतर इलाज के लिए उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया है।




साइन इन