पारा 43 डिग्री के पार होने से तपिश और गर्म हवा के थपेड़े से झुलसे लोग
Chandauli News - चंदौली, संवाददाता। जिले में रविवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री के पार हो

चंदौली, संवाददाता। जिले में रविवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री के पार हो गया था। तपिश और गर्म हवा के थपेड़ों से लोग झुलसने को विवश हो गए हैं। लगातार बढ़ रहे तापमान से सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक, सर्दी, जुकाम, सिर दर्द, उल्टी-दस्त सहित अन्य बीमारियों से ग्रसित मरीज बढ़ने लगे हैं। इससे अस्पतालों में मरीजों की भीड़ भी देखने को मिल रही है। चिकित्सक मरीजों को उपचार के साथ आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दे रहे हैं।वर्तमान समय में लगातार तापमान बढ़ रहा है। रविवार की सुबह ही तेज धूप का लोगों को सामना करना पड़ा। दोपहर तक तापमान 41 डिग्री के पार पहुंच गया।
घरों से बाहर काम से निकले लोग चिलचिलाती धूप, तपिश और गर्म हवा से झुलसते दिखे। इससे बचने के लोग छांव की तलाश करते नजर आए।उधर बढ़ते तापमान से मरीजों की संख्या में भी इजाफा होने लगा है। इसके चलते बाबा कीनाराम मेडिकल कालेज से संबद्ध जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। इस समय जिला अस्पताल में 1500 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। इसमें हीट स्ट्रोक, सर्दी-जुकाम, सिर दर्द, उल्टी-दस्त सहित अन्य मरीज अधिक हैं। इससे सुबह ही पर्ची काउंटर के साथ ही ओपीडी में काफी संख्या में मरीज देखे जा रहे हैं।सकलडीहा प्रतिनिधि के अनुसार, सीएचसी अधीक्षक डॉ. के प्रसाद ने बताया कि प्रतिदिन की अपेक्षा करीब ढाई सौ ओपीडी में करीब चार पांच मरीजों को भर्ती कराया जा रहा है। सीएचसी के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संजय यादव ने बताया कि जरूरत पड़ने पर ही दोपहर के समय निकले। सिर ढककर चले, ढ़ीले कपड़े पहने, खाली पेट न निकले। तरल पदार्थ का सेवन करें। इन दिनों तेजी से बुखार के साथ टाइफाइड, मलेरिया जैसी समस्या भी हो रही है। इसके लिए विशेष रूप से सावधानी बरतनी चाहिए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन