तेज धूप की तपिश ने बढ़ाई गर्मी, पारा 43 के पार पहुंचा
Azamgarh News - आजमगढ़ में गर्मी ने अपना असली रंग दिखाया है। रविवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ी है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि अगले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है। लोगों को गर्मी से बचने के लिए सावधान रहने की सलाह दी गई है।

आजमगढ़, संवाददाता। गर्मी ने अब अपना असली तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। रविवार को तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा। दोपहर के तेज धूप के चलते सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ था। रात में भी लोगों को सकून नहीं मिल रहा है। भीषण गर्मी से आम जन जीवन बेहाल हो गया है। गर्म हवाओं के साथ ही तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सूर्य की किरणें सीधे जमीन पर पड़ रही हैं। दोपहर में आसमान से अंगारे बरस रहे है। रविवार को सुबह से ही तेज धूप निकली हुई थी।
इसी के साथ ही गर्म हवाएं चलने से गर्मी ने अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया। सूर्य की तपिश के चलते दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसर गया था। आवश्यक कार्य से ही लोग घरों से बाहर निकल रहे थे। वैसे रविवार को छुट्टी का दिन होने से आफिस, स्कूल और नगर में दुकानें बंद रही। रविवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो इस सीजन का सबसे अधिक तापमान रहा। जबकि शनिवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तोआने वाले दिनों में तापमान में और एक से दो डिग्री तक वृद्धि की संभावना जताई गई है। न्यूनतम तापमान भी लगातार बढ़ रहा है।गर्मी के साथ ही अस्पतालों में बढ़े मरीजबदलते मौसम का असर स्वास्थ्य पर भी साफ दिखाई दे रहा है। सरकारी और निजी अस्पतालों में उल्टी, दस्त, बुखार और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। डॉक्टरों का कहना है कि तेज धूप से बचाव बेहद जरूरी है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए। डॉक्टरों ने बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोगों को दोपहर 12 से तीन बजे तक घर से बाहर न निकलने, अधिक पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है। प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है।ये सावधानी बरतेंमौसम विभाग के अनुसार, तापमान सामान्य से चार डिग्री तक अधिक चल रहा है, जिससे लोगों को दिन के समय तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मंडलीय अस्पताल के फिजिशियन अतुल श्रीवास्तव का कहना है कि लोगों को भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान से बचने के लिए अपनी जीवनशैली और खान-पान में कुछ जरूरी बदलाव करना बहुत आवश्यक है। गर्मी से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा पानी पिएं, नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी, ताजे फलों का रस और ओआरएस के घोल का सेवन करें। खीरा, तरबूज, खरबूजा जैसे पानी से भरपूर फल खाएं। दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें। अगर बाहर निकले तो छाते, टोपी या चश्मे का प्रयोग करें।अधिक तापमान से फल और फूल झड़ने लगते हैंकृषि वैज्ञानिक एलसी वर्मा ने बताया कि अत्यधिक तापमान बढ़ने से सब्जियों की वृद्धि और गुणवत्ता पर नकारात्मक असर डालती है। तेज धूप और उच्च तापमान से पौधों में पानी की कमी हो जाती है, जिससे पत्तियां मुरझा जाती हैं और प्रकाश संश्लेषण की क्षमता घट जाती है। फल और फूल झड़ने लगते हैं, जिससे उत्पादन कम होता है। टमाटर, मिर्च, पत्तेदार सब्जियां जैसे फसलें जल्दी सूख सकती हैं। मिट्टी की नमी तेजी से खत्म होने से पौधों को पोषक तत्व नहीं मिल पाते। ऐसे में सिंचाई, मल्चिंग और छायादार जाल का उपयोग करके नुकसान को कम किया जा सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन