सपा की महिला सभा की जिलाध्यक्ष पर घर में घुसकर हमला, लात-घूसों और लोहे की रॉड से पीटा
चंदौली में समाजवादी पार्टी की महिला सभा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल पर घर में घुसकर जानलेवा हमला किया गया है। उन्हें लात-घूसों और लोहे की रॉड से पीटा गया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है।

यूपी में समाजवादी पार्टी की चंदौली की महिला सभा की जिलाध्यक्ष पर जानलेवा हमला किया गया है। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह घर में घुसकर जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल पर कुछ लोगों ने लात-घूंसों और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिलाध्यक्ष को पहले राजकीय महिला अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जिलाध्यक्ष ने राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के चलते जानलेवा हमला किए जाने का आरोप लगाया है। कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जलीलपुर चौकी क्षेत्र के मढ़िया गांव निवासी गार्गी पटेल सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष हैं। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, वाराणसी के काशी विद्यापीठ ब्लॉक के पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख एवं सूजाबाद निवासी प्यारे मामा के साथ गार्गी पटेल करीब 15 वर्षों से जमीन का कारोबार करती हैं। गुरुवार सुबह जमीन के सिलसिले में प्यारे मामा उनके घर गए थे। करीब दस मिनट बाद प्यारे मामा की पत्नी, बेटी और दोनों बेटे वहां पहुंच गए और दरवाजा पीटने लगे। गेट खोलते ही चारों ने गार्गी पटेल पर हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने आए प्यारे मामा को भी धक्का देकर गिरा दिया गया। आरोप है कि चारों ने गार्गी पटेल की लात-घूंसों और लोहे की रॉड से पिटाई की तथा बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर घसीटा। गंभीर रूप से घायल गार्गी पटेल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गार्गी पटेल के भाई ने प्यारे मामा की पत्नी, बेटी और दो बेटों के खिलाफ मुगलसराय कोतवाली में नामजद तहरीर दी है। कोतवाल विजय प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है। मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
सात मिनट तक सपा नेत्री पर चलते रहे लात-घूंसे
पड़ाव। जलीलपुर पुलिस चौकी से मात्र 500 मीटर दूरी पर स्थित मढ़िया गांव में सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल के घर में घुसे हमलावरों ने जमकर तांडव मचाया। सीसीटीवी फुटेज में करीब सात मिनट तक दो महिलाएं और दो युवक जिलाध्यक्ष पर लात-घूंसों की बौछार करते और लोहे की रॉड से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में पूरी घटना कैद हो गई है।
मां को बचाने की गुहार लगाती रहीं बेटियां
पड़ाव। सपा नेत्री पर हमले के दौरान उनकी बेटियां प्रतीक्षा और प्रगति हमलावरों से मां की जान बचाने की गुहार लगाती रहीं, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। किसी तरह दोनों बेटियों ने जान बचाकर बगल के कमरे में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। करीब आधे घंटे तक दोनों कमरे में कैद रहीं।
पूर्व ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख को पुलिस ने हिरासत में लिया
पीडीडीयू नगर। पुलिस ने देर शाम सूजाबाद निवासी वाराणसी काशी विद्यापीठ ब्लॉक के पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख और सूजाबाद निवासी प्यारे मामा को हिरासत में लेकर पूछताछ करने में जुटी है। वहीं अस्पताल में भर्ती सपा नेत्री ने तहरीर के अनुसार बताया है कि रामनगर का रहने वाला पूर्व छात्र नेता की भी संलिप्तता है।




साइन इन