यूपी में बकरीद की नमाज के बाद बिगड़ा माहौल, संघर्ष में एक की मौत, चले लाठी-डंडे, पथराव
यूपी के मथुरा में बकरीद की नमाज के बाद मामूली बात पर माहौल बिगड़ गया। जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव भी हुआ। संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हो गई। छह लोग घायल हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

यूपी के मथुरा में बकरीद की नमाज के बाद मामूली बात पर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। नमाज से लौटते समय बाइक से गाड़ी टकराने पर एक ही समुदाय के दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष लाठी-डंडा लेकर भिड़ गए। जमकर पथराव होने लगा। इसमें कई लोग घायल हो गए। एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। एक पक्ष ने पांच लोगों पर नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह बकरीद के नमाज के दौरान तो सबकुछ ठीकठाक रहा। गांव नगला मेव, फालैन, कोसीकलां में नमाज पढ़कर आते समय रास्ते में खड़ी बाइक से गाड़ी टकराने को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हो गया। गाड़ी सवार इजाजुल से गाली गलौज करते हुए मारपीट कर दी गई। उसे बचाने आये परिजन व पिता नवाब (55) को भी जमकर लाठी, डंडे से पीट दिया गया। देखते ही देखते पथराव भी हो गया। त्योहार के दिन लाठी-डंडे और पथराव से अफरातफरी मच गयी।
इस टकराव में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक कोसीकलां कमलेश सिंह ने पुलिस टीम के साथ मौका मुआयना किया तो सीओ भूषण वर्मा भी पहुंचे। पुलिस ने घायलों को जिला चिकित्सालय भिजवाया। यहां डॉक्टरों ने नवाब को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौका मुआयना कर दो को हिरासत में ले लिया है।
एक पक्ष ने दर्ज कराया नामजद मुकदमा
थाना कोसीकलां में इजाजुल निवासी नगला मेव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि गुरुवार सुबह नमाज के बाद करीब नौ बजे वह नजीम, मौसम, आशिक के साथ अपने घर जा रहा था। गांव में सरकारी स्कूल के पास आमिर, उसके चाचा इदरीश, अलीशेर और अजरुद्दीन खड़े थे। उनकी बाइक रास्ते में खड़ी थी। उन्होंने रोककर गाली गलौज करते हुए बाइक में टक्कर मार दी है। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी से मारते हुए नीचे गिरा दिया। थप्पड़ भी मार दिया। शोर सुनकर पिता नवाब और अन्य परिजन बचाने आये तो आरोपियों ने लाठी, डंडे से हमला कर दिया।
पिता नवाब के सिर में डंडा मार कर गिरा दिया। बीचबचाव में भतीजे रियाज, बड़े भाई वैजिब और भाभी को भी लाठी-डंडों से पीटा। भाभी तालीमा के कान से कुंडल खींच लिए इससे उनका कान फट गया। सभी को भर्ती कराया गया। जहां पिता नवाब को मृत घोषित कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक कोसीकलां कमलेश सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर दो हिरासत में ले लिया गया है।




साइन इन