Census 2027: 21 मई तक घर बैठे करें स्व-गणना, संभालकर रखें सेल्फ एनुमरेशन आईडी
गृह मंत्रालय भारत सरकार की तरफ से संचालित जनगणना-2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के अंतर्गत स्व-गणना की प्रक्रिया गुरुवार को प्रारंभ हो गई। यह 21 मई तक चलेगी।

गृह मंत्रालय भारत सरकार की तरफ से संचालित जनगणना-2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के अंतर्गत स्व-गणना की प्रक्रिया गुरुवार को प्रारंभ हो गई। यह 21 मई तक चलेगी। इस अभियान के माध्यम से नागरिक अब अपने मोबाइल फोन अथवा कंप्यूटर के माध्यम से घर बैठे स्वयं अपनी जनगणना संबंधी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
स्व-गणना प्रक्रिया
गौरतलब हो कि स्व-गणना के लिए निर्धारित पोर्टल सेल्फ एनुमरेशन पोर्टल पर जाकर नागरिक सरल प्रक्रिया के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना प्रक्रिया के अंतर्गत परिवार के मुखिया को मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। ओटीपी सत्यापन के बाद नागरिक अपनी सुविधानुसार हिंदी, अंग्रेजी सहित 16 भाषाओं में से किसी भी भाषा का चयन कर सकते हैं। इसके बाद राज्य, जनपद, गांव/नगर, मकान संख्या एवं लोकेशन संबंधी जानकारी भरते हुए मैप पर अपने घर को लाल चिह्न से टैग करना होगा।
प्रश्नों का विवरण
पोर्टल पर परिवार एवं मकान से संबंधित लगभग 33 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनमें मकान की स्थिति, पेयजल, बिजली, शौचालय, रसोई, इंटरनेट सुविधा, मोबाइल, टीवी, वाहन, परिवार के सदस्यों की संख्या आदि विवरण शामिल हैं। प्रत्येक प्रश्न के साथ उपलब्ध आई बटन पर क्लिक कर आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है।
सेल्फ एनुमरेशन आईडी
बता दें कि संपूर्ण विवरण भरने के बाद सबमिट बटन दबाने पर नागरिकों को एक सेल्फ एनुमरेशन आईडी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक होगा। जब जनगणना अधिकारी अथवा प्रगणक सत्यापन के लिए घर पहुंचेगा, तब केवल वह एसईआईडी दिखानी होगी और दोबारा जानकारी देने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
नागरिकों से अपील
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में स्व-गणना प्रक्रिया में सहभागिता करें तथा अपने परिवार, पड़ोस एवं परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें। साथ ही प्रगणक एवं जनगणनाकर्मियों का सम्मान करते हुए उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान करें। उन्होंने बताया कि स्व-गणना की 8 चरणों वाली सरल प्रक्रिया के तहत पोर्टल खोलें। एसई डॉट सेन्सस डॉट जीओवी डॉट इन मोबाइल नंबर से पंजीकरण करें, भाषा का चयन करें, पता एवं लोकेशन विवरण भरें, परिवार एवं मकान संबंधी जानकारी दर्ज करें।
विवरण जांचकर सबमिट करें, एसईआईडी प्राप्त करें एवं सुरक्षित रखें। सत्यापन के समय प्रगणक को एसईआईडी दिखाएं। उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 देश की महत्वपूर्ण सांख्यिकीय एवं विकासात्मक प्रक्रिया है। नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से ही सटीक एवं प्रभावी जनगणना पूरी की जा सकेगी। 7 से 21 मई तक स्व गणना के बाद 22 मई से प्रगणक जाएंगे। अगर स्व गणना से आईडी बनाएंगे तो सहूलियत मिलेगी।




साइन इन