UP Top News: गरौठा से सपा के पूर्व विधायक दीपनारायण की 24 करोड़ से अधिक की संपति कुर्क कर दी गई है। यह संपत्ति अवैध तरीके से अर्जित करने के बाद करीबियों के नाम पर कर दी गई थी। अब तक लगभग 596 करोड़ रुपये की संपति कुर्क की जा चुकी है। कुशीनगर के कप्तानगंज में शादी के दौरान पंडित जी से हुई कहासुनी के बाद ग्रामीणों और बरातियों में जमकर मारपीट हुई। ग्रामीणों ने दूल्हे समेत आधा दर्जन बरातियों को लाठी-डंडों से जमकर पीटा। वहीं दूसरी ओर कल सीएम योगी कोलकाता जाएंगे। वह शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
8 May 2026, 09:49:40 PM IST
मुख्यमंत्री योगी शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण में कोलकाता जाएंगे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कोलकाता जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान बीस से अधिक रैलियां की थीं। साथ ही उनके दो रोड शो हुए थे। पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान उनकी रैलियों की भारी मांग थी। दरअसल, पश्चिम बंगाल की जनता उनके बुलडोजर बाबा की छवि से खासी प्रभावित थी और कमोबेश हर रैली में लोग बुलडोजर लेकर आते थे। यही नहीं हर रैली में उन्हें हिन्दू ह्रदय सम्राट अभिनंदन अभिनंदन स्वागतम स्वागतम के नारों से स्वागत किया जाता था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कोलकाता जाएंगे।
8 May 2026, 08:12:12 PM IST
बीते नौ वर्षों में गन्ना किसानों के खातों में 3.21 लाख करोड़ का रिकार्ड भुगतान
यूपी में विगत नौ वर्षों में गन्ना किसानों को अब तक 3 लाख 21 हजार 839 करोड़ का रिकॉर्ड गन्ना मूल्य भुगतान कर नया इतिहास रचा है। वहीं राज्य सरकार द्वारा पेराई सत्र 2025-26 में गन्ना मूल्य की दरों में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए 30 प्रति कुन्तल की वृद्धि की गई। अगेती प्रजातियों के लिए 400 रुपये प्रति कुन्तल एवं सामान्य प्रजातियों के लिए 390 प्रति कुन्तल की दर निर्धारित की गई। इस बढ़ोत्तरी से गन्ना किसानों को करीब 3000 करोड़ का अतिरिक्त गन्ना मूल्य भुगतान प्राप्त हुआ है। समय से गन्ना मूल्य का भुगतान होने से प्रदेश के 48 लाख गन्ना किसान परिवारों को आर्थिक मजबूती मिली है।
8 May 2026, 06:37:49 PM IST
2027 में यूपी की जनता राहुल-अखिलेश का असली चेहरा बेनकाब कर देगी : मौर्य
यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में राज्य की जनता इन दोनों का असली चेहरा पूरी तरह बेनकाब कर देगी और प्रदेश कांग्रेस-सपा मुक्त होगा। मौर्य ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव की 'जोड़ी' ने 2024 के लोकसभा चुनाव में संविधान और आरक्षण समाप्त करने का 'झूठा ढिंढोरा' पीटकर जनता को गुमराह करने का 'महापाप' किया था। मौर्य ने दावा किया,''यदि यह दुष्प्रचार नहीं किया गया होता, तो उत्तर प्रदेश में दोनों दलों का खाता भी बमुश्किल ही खुल पाता। लेकिन अब दोनों की पोल खुल चुकी है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता इन दोनों का असली चेहरा पूरी तरह बेनकाब कर देगी और प्रदेश कांग्रेस-सपा मुक्त होगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के करिश्माई नेतृत्व में हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और बिहार के बाद असम और पश्चिम बंगाल की तरह उत्तर प्रदेश में भी 'कमल ही कमल' खिलेगा। उन्होंने कहा कि जनता अब भ्रम में नहीं है, बल्कि वह विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति के साथ मजबूती से खड़ी है।
8 May 2026, 06:14:43 PM IST
ट्रक ने बाइक सवारों को रौंदा, दंपति और उनके तीन बच्चों की मौत
यूपी के बुलंदशहर में दर्दनाक हादसा हो गया। एक ट्रक ने बाइक सवार दंपति और उनके बच्चों को रौंद दिया। इसके बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकला। इस हादसे में बाइक सवार दंपति और उनके तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मरने वालों के परिजनों को हादसे की खबर दे दी। घर में एक साथ पांच की मौत की खबर से कोहराम मचा है।
8 May 2026, 05:20:29 PM IST
हम वो नहीं जो मुश्किल समय में साथ छोड़ दें: अखिलेश यादव
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में क्रमश: तृणमूल कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) को करारी शिकस्त मिलने के बाद, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने एकजुटता का संदेश देते हुए शुक्रवार को कहा कि वह मुश्किल समय में उनका 'साथ नहीं छोड़ेंगे।' उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'हम वो नहीं जो मुश्किलों में साथ छोड़ दें।' यादव ने तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी और द्रमुक प्रमुख एमके स्टालिन के साथ अपनी हालिया मुलाकात की तस्वीरें भी पोस्ट कीं। दोनों निवर्तमान मुख्यमंत्री, बनर्जी और स्टालिन हाल में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में अपनी-अपनी सीट भी हार गए। यादव की यह पोस्ट काफी मायने रखती है क्योंकि बंगाल विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद सपा प्रमुख ने बृहस्पतिवार को कोलकाता में ममता बनर्जी से मुलाकात कर उनके प्रति एकजुटता व्यक्त की थी। तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने ममता के कालीघाट स्थित आवास पर अखिलेश का स्वागत किया था।
8 May 2026, 02:10:26 PM IST
सपा के पूर्व विधायक दीपनारायण की 24 करोड़ की संपत्ति कुर्क, अब तक 596 करोड़ की अवैध प्रॉपर्टी मिली
गरौठा से सपा के पूर्व विधायक दीपनारायण की 24 करोड़ से अधिक की संपति कुर्क कर दी गई है। यह संपत्ति अवैध तरीके से अर्जित करने के बाद करीबियों के नाम पर कर दी गई थी। अब तक लगभग 596 करोड़ रुपये की संपति कुर्क की जा चुकी है।
पूरी खबर यहां पढ़ें: सपा के पूर्व विधायक दीपनारायण की 24 करोड़ की संपत्ति कुर्क, अब तक 596 करोड़ की अवैध प्रॉपर्टी मिली
8 May 2026, 02:02:51 PM IST
सड़क पार कर रही लड़की को बाइक ने मारी टक्कर, जिला अस्पताल रेफर
श्रावस्ती में हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत फुलवरिया के मजरा खनवा पुर निवासी भगवान दिन की 13वर्षीय लड़की शिल्पी गांव में एक शादी समारोह में गई थी । रात में वापस अपने घर आ रही थी जैसे ही वह बहराइच मल्हीपुर मार्ग को पार कर रही थी मल्हीपुर की तरफ से आ रही तेज मोटर साइकिल ने ठोकर मार दिया जिससे शिल्पी घायल होकर रोड पर गिर गई जिसकी आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और देखा कि यह भगवान दिन लड़की हे जिसको मोटर साइकिल से इलाज के लिए जिला अस्पताल बहराइच ले गए।
8 May 2026, 01:50:07 PM IST
दुर्घटना में साले की मौत, जीजा घायल
बहराइच लखनऊ हाईवे पर स्थित मालिन पुरवा गांव के सामने गुरूवार रात अनियंत्रित कार खंभे से टकरा गई। दुर्घटना में साले की मौत हो गई। जीजा घायल हो गया। फखरपुर थाने के कस्बे निवासी राज जायसवाल ( 25) पुत्र छंगालाल जायसवाल, नगर कोतवाली के छोटी बाजार निवासी अपने जीजा सानू जैसवाल के साथ अपनी कार से शहर से फखरपुर अपने घर आ रहे थे।
मालिन पुरवा के पास कार अनियंत्रित हो गई और बिजली के पोल से टकरा गई। जिससे पोल टूट कर कार पर ही गिर गया। दुर्घटना में जीजा साले चोटिल हो गये। सूचना पर पहुंचे परिवार जनों ने दोनों को लेकर मेडिकल कॉलेज चले गये। जहां पर राजू जायसवाल की मौत हो गई। मौत के बाद परिवार जन शव लेकर घर चले आये। एसओ संजीव चौहान ने बताया कि दुर्घटना के बाद लोग मेडिकल कॉलेज लेकर चले गए थे। पोस्टमार्टम क्यों नहीं कराया यह जानकारी नहीं है।
8 May 2026, 01:36:53 PM IST
देवर ने भाभी के साथ दुष्कर्म की नीयत से की छेड़छाड़
बहराइच शहर स्थित एक मोहल्ले में एक युवक ने अपनी भाभी के साथ रेप की नियत से छेड़छाड़ की । भाभी के विरोध करने पर मारपीट की। उसे बचाने आए पिता को भी बेरहमी से धुन डाला। हमलावर जानमाल की धमकी दे कर फरार हो गया। घायलों को थाने लाए जाने पर पुलिस ने मेडिकल को भेजते हुए केस दर्ज किया गया है।
दरगाह थाने के एक मोहल्ले निवासनी 23 वर्षीय युवती पांच मई सुबह सात बजे घर की पहली मंजिल पर कमरे में कपड़ा उठाने गई थी। इसी दौरान पीछे से उसका देवर पहुंच गया। उसने रेप की नियत से भाभी से छेड़छाड़ की। युवती ने विरोध किया। तो देवर ने उसके साथ मारपीट व गाली गलौज की। शोर सुनकर युवक का पिता दौड़ा और युवती को बचाने का प्रयास किया।
8 May 2026, 01:29:46 PM IST
करतर्निया घाट में टाइगर देख रोमांचित हुए पर्यटक
बहराइच में गेरूआ नदी के किनारे तराई क्षेत्र में फैला जंगल अक्सर जिले को अपनी पहचान देशभर दिलाता है। हरे भरे जंगल , मनमोहक दृश्य, हिरण, बारहसिंगा, तेंदुएं,हाथी, डॉल्फिन, मोर, वन मुर्गी सहित कई प्रजाति के जीव जंतुओं से प्रवास करने वाले इस जंगल में प्रायः लोग सफारी करके जंगल का लुफ्त उठाते हैं।
किसान नेता मलकीत सिंह चीमा के घर घूमने आए परविंदर सिंह सम्मी परिवार के साथ जंगल सफारी का आनंद लेने के लिए करतर्निया घाट आए। जहां जंगल सफारी करने के लिए जंगल गए वहां मोर,हिरण, बारहसिंगा देख कर सभी रोमांचित हुए। और पर्यटको में खुशी की लहर तब आई जब झाड़ियों में बैठे टाइगर को पास से देखा। और सभी कुछ पल के लिए शांत हो गए। साथ ही सभी के चेहरे खुशियों से खिल गए।
8 May 2026, 01:23:32 PM IST
आंधी में ई-रिक्शा चालक की मौत पर विधायक ने सौंपा 4 लाख का चेक
बलरामपुर में गत चार मई को तेज आंधी और बारिश के दौरान बदलपुर-धुसवा मार्ग पर फायर स्टेशन के सामने पेड़ गिरने से ई-रिक्शा चालक तुलाराम की दर्दनाक मौत के मामले में प्रदेश सरकार ने पीड़ित परिवार को आर्थिक संबल दिया है।
शुक्रवार को उतरौला विधायक रामप्रताप वर्मा ने ग्राम बढ़या पकड़ी स्थित मृतक तुलाराम के घर पहुंचकर उसकी पत्नी पूनम को मुख्यमंत्री राहत कोष से स्वीकृत चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा। इस दौरान विधायक ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
8 May 2026, 01:19:55 PM IST
हरचंदपुर में भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ पर फैला तनाव
रायबरेली में थानाक्षेत्र के एक गांव में गुरुवार रात अराजकतत्वों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ कर दी। सुबह इसकी जानकारी से पूरे गांव में तनाव फैल गया। थोड़ी ही देर में मौके पर तमाम ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन मौके पर एसडीएम सदर, एसडीएम महाराजगंज और सीओ समेत तमाम पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों के अनुसार, गांव में शांतिपूर्ण माहौल है।
8 May 2026, 01:01:08 PM IST
पति के साथ ससुराल जा रही महिला बच्चे को लेकर नहर में कूदी
रायबरेली में मिल एरिया थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम पति के साथ ससुराल जा रही महिला की किसी बात को लेकर पति से कहासुनी शुरू हो गई। दोनों के बीच साइकिल पर चलते ही बात बढ़ गई तो गुस्साई महिला ने साइकिल से उतरकर बच्चे के साथ ही शारदा नहर में छलांग लगा दी। हालांकि तुरंत ही नहर में कूदे पति ने दोनों को सुरक्षित बचा लिया और अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है ।
गदागंज थाना क्षेत्र के पूरे भोपाल सिंह गांव निवासी मीनू गुरुवार देर शाम पति के साथ ससुराल जा रही थी। तभी रास्ते में रायबरेली महाराजगंज रोड पर किसी बात को लेकर दोनों के बीच तकरार शुरू हो गई और बात बढ़ी तो गुस्साई हुई मीनू ने बच्चे के साथ हरदासपुर के पास शारदा नहर में छलांग लगा दी। हालांकि तुरंत ही पति ने भी नहर में कूद कर पत्नी व बच्चे को बचा लिया।
8 May 2026, 12:24:10 PM IST
रायबरेली में बीच चौराहे खराब हुई रोडवेज बस
रायबरेली शहर के सबसे व्यस्ततम सिविल लाइंस चौराहे पर एक रोडवेज बस अचानक बंद हो गई। इससे चौराहे पर यातायात व्यवस्था बेपटरी हो गई। हालांकि स्थिति की गंभीरता देखते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने रोडवेज बस को धक्का लगाकर किनारे करवाया। इसके बाद यातायात को सुचारु किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
दरअसल, गुरुवार शाम काे लखनऊ से प्रयागराज जा रही रोडवेज बस रायबरेली के सिविल लाइंस चौराहे पर सवारियां उतारने के लिए रुकी थी। इसी बीच अचानक बस का इंजन बंद हो गया। चालक के काफी देर तक प्रयास करने के बाद भी बस स्टार्ट नहीं हुई।
8 May 2026, 11:36:36 AM IST
पंखे में उतरे करंट की चपेट में आई विवाहिता की मौत
सुलतानपुर में दोस्तपुर, थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में कृषि सखी निशा कुमारी(30) पत्नी अरविंद गौतम की करंट लगने से मौत हो गई। वह दोस्तपुर ब्लॉक में कृषि सखी के पद पर तैनात थीं। परिजनों के अनुसार, घर में पंखे में उतरे करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं। आनन-फानन में परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर ले गए।
जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतका का मायका थाना क्षेत्र के बेथरा गांव में है। वह राजेंद्र की पुत्री थीं। उनका विवाह वर्ष 2021 में हुआ था। उनके पति अरविंद गौतम आउटसोर्सिंग विद्युत कर्मी हैं और घटना के समय ड्यूटी पर गए हुए थे। मृतका अपने पीछे चार वर्षीय पुत्र पीयूष को छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
8 May 2026, 11:01:21 AM IST
टेंपो की टक्कर से पैदल जा रहे अधेड़ की मौत
बाराबंकी में माती थाना क्षेत्र के सरसौदी गांव के पास गुरुवार की देर रात पैदल जा रहे एक अधेड़ को टेंपो चालक ने टक्कर मार दी। इसमें अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल लाया गया लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
माती थाना क्षेत्र के सरसौदी गांव निवासी संजय (45) पुत्र सर्वजीत गुरुवार की रात करीब 8:30 बजे गांव के पास भी पैदल जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार टेंपो चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों की सहयोग से पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने अधेड़ को मृत घोषित कर दिया। घटना से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है।
8 May 2026, 10:41:57 AM IST
तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत
बहराइच के वजीरगंज कुंडासर मार्ग पर गुरूवार रात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार जीजा साले की मौत हो गई। दोनों युवक शादी में शामिल होने जा रहे थे। दुर्घटना होते ही चालक वाहन सहित फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनो शवों की पहचान होने पर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
फखरपुर थाने के वजीरगंज कुंडासर मार्ग के पास गुरूवार रात लगभग दस बजे तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन ने विपरीत दिशा से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। जिसके चलते बाइक सवार पर बौंड़ी थाने के समदा बाजार निवासी राकेश (23) पुत्र दिलेराम, दीपक (24) पुत्र सागर की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना होते ही चालक वाहन सहित फरार हो गया हो गया। चौकी प्रभारी अजीत त्रिपाठी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
8 May 2026, 10:29:26 AM IST
इजराइल के बाद युद्ध से तबाह खाड़ी देशों का पुनर्निर्माण करेंगे यूपी के कुशल हाथ, शुरू हुई चयन प्रक्रिया
उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए खाड़ी देशों (सऊदी अरब, कतर आदि) में रोजगार के बड़े अवसर खुले हैं। युद्ध और संघर्ष के बाद इन देशों में बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण के लिए यूपी से कुशल कामगारों को भेजने की चयन प्रक्रिया शुरू हो गई है।
पूरी खबर यहां पढ़ें: इजराइल के बाद युद्ध से तबाह खाड़ी देशों का पुनर्निर्माण करेंगे यूपी के कुशल हाथ, शुरू हुई चयन प्रक्रिया
8 May 2026, 09:45:07 AM IST
UP Weather: दिनभर बदलता यूपी का मौसम; दिन में धूप-गर्मी सताती, रात में आंधी-बारिश से गिर रहा तापमान
यूपी में मौसम का मिजाज इन दिनों काफी बदला-बदला सा दिख रहा है। आलम यह है कि पल भर में झमाझम बारिश होने लग रही है और अगले ही पल धूप भी खिल जा रही है। मौसम के इस बदले मिजाज ने जेठ के महीने में गर्मी को भगाने के साथ ही ठंड को पुन: लाने का काम कर दिया है।
यहां पढ़ें पूरी खबर: दिनभर बदलता यूपी का मौसम; दिन में धूप-गर्मी सताती, रात में आंधी-बारिश से गिर रहा तापमान
8 May 2026, 09:22:06 AM IST
लखनऊ में हर सिपाही से 2000 की वसूली, आईपीएस चला रहे 'गैंग', कांस्टेबल के VIDEO से खलबली
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में तैनात कांस्टेबल सुनील कुमार शुक्ला के एक वीडियो ने उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। कांस्टेबल का आरोप है कि पुलिस लाइन में ड्यूटी लगाने के नाम पर हर सिपाही से 2000 की मासिक वसूली की जा रही है।
पूरी खबर यहां पढ़ें: लखनऊ में हर सिपाही से 2000 की वसूली, आईपीएस चला रहे 'गैंग', कांस्टेबल के VIDEO से खलबली
8 May 2026, 08:56:00 AM IST
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर स्कॉर्पियो-पिकअप की टक्कर, एक का चालक गंभीर
सुलतानपुर में दोस्तपुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 149 पर गुरुवार देर रात स्कॉर्पियो और मिर्च लदी पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप का सह चालक मोहित घायल हो गया, जिसे पुलिस ने सीएचसी दोस्तपुर भेजकर उपचार कराया।
यूपीडा के अनुसार स्कॉर्पियो के चालक हेमंत सिंह निवासी ओम गायत्री नगर, शिवकुटी, प्रयागराज लखनऊ से गाजीपुर की ओर जा रहे थे। वहीं पिकअप के चालक कमलेश कुमार निवासी फैयाजपुरा, फतेहपुर, बाराबंकी अपने सह चालक मोहित के साथ बाराबंकी से मिर्च लादकर बक्सर, बिहार जा रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो चालक ने रास्ते में खाना खाने के लिए होटल तलाशने के दौरान वाहन गलत दिशा में मोड़ दिया, जिससे दोनों वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई।
8 May 2026, 08:34:12 AM IST
एमएलसी अक्षय प्रताप पर केस का आदेश, राजा भैया की पत्नी भानवी ने लगाया है धोखाधड़ी का आरोप
कुंडा विधायक राजा भैया की पत्नी भानवी कुमारी सिंह की याचिका पर लखनऊ की एमपी-एमएलए कोर्ट ने एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह और उनके सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। भानवी सिंह ने अक्षय प्रताप पर उनकी साझेदारी वाली फर्म की करोड़ों की संपत्तियां हड़पने का आरोप लगाया है।
पूरी खबर यहां पढ़ें: एमएलसी अक्षय प्रताप पर केस का आदेश, राजा भैया की पत्नी भानवी ने लगाया है धोखाधड़ी का आरोप
8 May 2026, 08:11:21 AM IST
लखनऊ से नोएडा केवल एक घंटे में, जेवर के लिए राजधानी से शुरू हो रहीं चार उड़ानें
उत्तर प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी में 1 जुलाई से बड़ा विस्तार होने जा रहा है। लखनऊ से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के बीच चार दैनिक उड़ानें शुरू होंगी, जिससे दोनों शहरों के बीच का सफर मात्र एक घंटे का रह जाएगा।
पूरी खबर यहां पढ़ें: लखनऊ से नोएडा केवल एक घंटे में, जेवर के लिए राजधानी से शुरू हो रहीं चार उड़ानें
8 May 2026, 08:10:18 AM IST
प्रीपेड स्मार्ट मीटर की सिक्योरिटी को लेकर देर रात बदला नियम; पुराने ग्राहकों को बड़ी राहत
उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन ने स्मार्ट प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड में बदलने के बाद सिक्योरिटी मनी वसूलने के नियम में देर रात बड़ा बदलाव किया है। उपभोक्ता परिषद के विरोध के बाद अब पुराने उपभोक्ताओं से नई दरों पर अतिरिक्त सुरक्षा राशि नहीं ली जाएगी।
पूरी खबर यहां पढ़ें: प्रीपेड स्मार्ट मीटर की सिक्योरिटी को लेकर देर रात बदला नियम; पुराने ग्राहकों को बड़ी राहत