शादी में पंडित जी से कहासुनी के बाद बवाल, दूल्हे को भी घेरकर लाठियों से पीटा, मची अफरातफरी
कुशीनगर के कप्तानगंज में शादी के दौरान पंडित जी से हुई कहासुनी के बाद ग्रामीणों और बरातियों में जमकर मारपीट हुई। ग्रामीणों ने दूल्हे समेत आधा दर्जन बरातियों को लाठी-डंडों से जमकर पीटा।

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक शादी समारोह उस वक्त अखाड़े में तब्दील हो गया, जब मामूली बात को लेकर बरातियों और ग्रामीणों के बीच खूनी संघर्ष छिड़ गया। विवाद की शुरुआत सात फेरों के दौरान पंडित जी से हुई कहासुनी से हुई, जिसने इतना तूल पकड़ा कि लाठी-डंडों के साथ दर्जनों ग्रामीणों ने बरातियों पर हमला बोल दिया। इस मारपीट में दूल्हा भी नहीं बच सका और उसे घेरकर पीटा गया। घटना में दूल्हे समेत आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कुछ घायलों को गंभीर हालत में गोरखपुर के मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
फेरों के वक्त पंडित जी से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, खड्डा थाना क्षेत्र के नौगांव निवासी कन्हैया सिंह के पुत्र गोलू सिंह की बरात 5 मई को कप्तानगंज थाना क्षेत्र के तुरकहा गांव निवासी महंथ सिंह के यहां आई थी। सब कुछ ठीक चल रहा था और विवाह की रस्में अदा की जा रही थीं। इसी बीच मंडप में विवाह करा रहे पंडित जी और कुछ बरातियों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस हाथापाई में बदल गई।
लाठी-डंडों से हमला, दूल्हा समेत 6 घायल
आरोप है कि पंडित जी से विवाद की सूचना मिलते ही गांव के दर्जनों लोग लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बरातियों पर हमला कर दिया, जिससे वहां भगदड़ मच गई। हमलावरों ने दूल्हा गोलू सिंह को भी नहीं बख्शा और उसे बेरहमी से पीटा। इस मारपीट में शक्तिमान सिंह, अनिकेत सिंह, सुदर्शन और श्याम बदन गंभीर रूप से घायल हो गए। बरात पक्ष ने मारपीट के दौरान गहने और नगदी चोरी होने का भी गंभीर आरोप लगाया है।
मेडिकल कॉलेज से गोरखपुर तक रेफर
घायलों को तत्काल कप्तानगंज स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देख कुशीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां भी स्थिति में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर भेज दिया। करीब तीन दिनों तक चले इलाज के बाद घायल अब घर लौटे हैं और न्याय की गुहार लगा रहे हैं।
पुलिस की कार्रवाई
इस सनसनीखेज मामले में कप्तानगंज थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीण पक्ष की ओर से मिली तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हालांकि, बराती पक्ष की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलते ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। शादी की खुशियां अब थाने और कचहरी के चक्करों में बदल गई हैं।




साइन इन