69000 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, विधानभवन के सामने धरने पर बैठे; पुलिस से झड़प
अभ्यर्थियों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ियों और सुप्रीम कोर्ट में कमजोर पैरवी के कारण उन्हें वर्षों से नियुक्ति नहीं मिल पा रही। अभ्यर्थियों ने लखनऊ विधान भवन पर धरना प्रदर्शन के दौरान ‘योगी जी हमें न्याय दो’, के नारे लगाए। बाद में पुलिस ने उन्हें जबरन बस में बिठाकर इको गार्डन भेज दिया।

69000 Teachers Recruitment: 69 हजार सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों के सब्र का बांध बुधवार को टूट गया। अभ्यर्थियों ने लखनऊ विधान भवन का घेराव कर 10 से 15 मिनट तक वहां धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस से उनकी नोकझोंक और तीखी बहस हुई। पुलिस ने अभ्यर्थियों को जबरन बस में बिठाकर इको गार्डन भेज दिया। अभ्यर्थियों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ियों और सुप्रीम कोर्ट में कमजोर पैरवी के कारण उन्हें वर्षों से नियुक्ति नहीं मिल पा रही है। अभ्यर्थियों ने लखनऊ विधान भवन पर धरना प्रदर्शन के दौरान ‘योगी जी हमें न्याय दो’, ‘सुप्रीम कोर्ट में अभ्यर्थियों के पक्ष में याची लाभ का प्रपोजल पेश करो’, इस तरह के नारे लगाए।
अभ्यर्थियों के धरना प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पिछड़ा दलित संयुक्त मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुशील कश्यप और धनंजय गुप्ता का कहना है कि यह मामला लखनऊ हाई कोर्ट में वर्ष 2020 से चल रहा है। इस भर्ती में ओबीसी वर्ग को 27% की जगह सिर्फ 3.86% तथा एससी वर्ग को 21% की जगह सिर्फ 16.2% आरक्षण दिया गया है और इस प्रकार इस भर्ती में बेसिक शिक्षा नियमावली 1981 तथा आरक्षण नियमावली 1994 का घोर उल्लंघन किया गया है। लखनऊ हाई कोर्ट डबल बेंच 13 अगस्त 2024 को इस शिक्षक भर्ती की पूरी लिस्ट को रद्द कर चुकी है।
प्रदेश सरकार को आदेश दे चुकी है कि इस शिक्षक भर्ती की सूची को तीन महीने के अंदर मूल चयन सूची के रूप में इस भर्ती की लिस्ट को बनाया जाए। लेकिन आज तक उत्तर प्रदेश सरकार ने इस शिक्षक भर्ती की ना तो मूल चयन सूची बनाई और ना ही पीड़ित अभ्यर्थियों को याची लाभ देकर इस मामले का निस्तारण करने का कोई प्रयास किया।
पिछड़ा दलित संयुक्त मोर्चा के प्रदेश महासचिव सुमित यादव का कहना है कि यदि उत्तर प्रदेश सरकार सुप्रीम कोर्ट में जल्द से जल्द सुनवाई की पहल कर अभ्यर्थियों के पक्ष में याची लाभ का प्रपोजल पेश कर देती है तो अभ्यर्थियों को राहत मिल जाएगी। अभ्यर्थी वर्ष 2020 से अब तक याची बनकर याची लाभ की मांग कर रहे हैं। धरना प्रदर्शन के दौरान सुशील कश्यप, धनंजय गुप्ता, सुमित यादव, मनोज प्रजापति, नकुल यादव, रामविलास यादव, पुष्पेंद्र सिंह जेलर, राजेश चौधरी, शोभा, कंचन, दीपिका राजपूत, इसरार अली, लइक अहमद सहित कई अभ्यर्थी मौजूद रहे।




साइन इन