यूपी में फिर एनकाउंटर, एक महीने पहले हुई लूट के आरोपी को श्रावस्ती पुलिस से मुठभेड़ में लगी गोली
श्रावस्ती के थाना कोतवाली भिनगा क्षेत्र के एक सर्राफा व्यापारी के साथ लूट की घटना हुई थी। इस घटना के आरोपी के साथ मंगलवार रात पुलिस की मुठभेड़ हो गई। आरोपी ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

UP Police Encounter : उत्तर प्रदेश पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में मंगलवार की रात श्रावस्ती में एक अपराधी से पुलिस की भिड़ंत हो गई। अंटा तिराहे के पास हुई इस मुठभेड़ में आरोपी ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग। इस दौरान आरोपी के पैर में एक गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। आरोपी के गिरने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक अमरेश यादव नाम का यह बदमाश लंबे समय से अपराध में सक्रिय है। उस पर लूट और अन्य आरोपों में आठ मुकदमे दर्ज हैं।
मिली जानकारी के अनुसार श्रावस्ती के थाना कोतवाली भिनगा क्षेत्र के एक सर्राफा व्यापारी के साथ लूट की घटना हुई थी। सर्राफा व्यापारी ने पुलिस को बताया था कि तीन अज्ञात लोगों ने उसकी गाड़ी रोकी थी। उन्होंने किसी धारदार हथियार से उसके सिर पर वार किया था जिससे वह बेहोश हो गया था। इसके बाद बदमाश व्यापारी को लूटकर फरार हो गए थे। लूट की इस घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही भिनगा थाना, एसओजी और सर्विलांस टीम इसमें शामिल अपराधियों की तलाश में जुटी थी। ताबड़तोड़ दबिशें दी जा रही थीं। इसी दौरान मुखबिर के जरिए पुलिस को अमरेश यादव की लोकेशन के बारे में सुराग मिला। पता चला कि वह अंटा तिराहे के पास देखा गया है।
मुखबिर से मिली इस सूचना के आधार पर पुलिस ने मंगलवार की रात श्रावस्ती के अंटा तिराहे के आसपास घेराबंदी कर दी। पुलिस के मुताबिक इसी दौरान अमरेश वहां दिखाई पड़ा। पुलिस ने उसे घेरकर पकड़ने की कोशिश की लेकिन अमरेश ने जैसे ही पुलिस को देखा, फायर झोंक दिया। अमरेश ने पुलिस पर फायरिंग जान से मार डालने की नीयत से की थी। पुलिस ने भी इस फायरिंग का आत्मरक्षा में जवाब दिया। पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में एक गोली अमरेश के पैर में लग गई।
पैर में गोली लगते ही अमरेश वहां गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अमरेश श्रावस्ती के इकौना थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उस पर लूट और अन्य अपराधों से संबधित आठ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक अमरेश के साथियों की तलाश की जा रही है। इसके साथ ही अमरेश के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई में पुलिस जुटी है।




साइन इन