यूपी में होमगार्ड के परिवार पर बरसाईं गोलियां, छोटे बेटे की मौत, बड़ा गंभीर
यूपी में होमगार्ड के परिवार पर गोलियां बरसाईं। गोली लगने से दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें छोटे बेटे की जिला अस्पताल में मौत हो गई, जबकि बड़ा बेटा गंभीर हालत में भर्ती है।

Sultanpur News: यूपी के सुलतानपुर में सनसनीखेज खबर आई है। यहां देहात कोतवाली क्षेत्र के चकरपुर ग्राम पंचायत के जनउपुर गांव में गुरुवार को बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद शाम तक खूनी संघर्ष में बदल गया। विपक्षियों ने होमगार्ड के परिवार पर हमला बोलते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें छोटे बेटे की जिला अस्पताल में मौत हो गई, जबकि बड़ा बेटा गंभीर हालत में भर्ती है।
जानकारी के अनुसार जनउपुर निवासी होमगार्ड वीरेंद्र सोनकर और उनके पटीदार रमेश चंद्र सोनकर के बीच लंबे समय से आपसी रंजिश चली आ रही थी। गुरुवार सुबह दोनों पक्षों के बच्चों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसे उस समय किसी तरह शांत करा दिया गया था। लेकिन शाम होते-होते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया। पहले दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसके बाद आरोप है कि रमेश सोनकर और उनके बेटे ने फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग में होमगार्ड वीरेंद्र सोनकर के बेटे मोहित सोनकर (26) और मंगल सोनकर (30) को गोली लग गई। दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मोहित सोनकर को मृत घोषित कर दिया, जबकि मंगल सोनकर की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना में वीरेंद्र सोनकर समेत कुछ अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए चारु निगम भी जिला अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हाल-चाल लिया। उन्होंने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगा दिया गया है। देहात कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पांच भाईयों में चौथे नंबर पर था मोहित, घर में मचा कोहराम
जनउपुर गांव निवासी होमगार्ड वीरेंद्र सोनकर के कुल पांच पुत्र हैं। इनमें मृतक मोहित सोनकर चौथे नंबर पर था। उससे छोटा रोहित है, जबकि मंगल उससे बड़े बताए जा रहे हैं। इसके अलावा परिवार में दो अन्य बेटे भी हैं। मोहित की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन और ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंच गए, जहां रोते-बिलखते परिजनों का हाल बेहाल रहा।
जिला पंचायत सदस्य की तैयारी कर रहे थे रमेश चंद्र सोनकर
जनउपुर गांव में पटीदारों पर फायरिंग कर एक युवक की जान लेने के आरोपित रमेश चंद्र सोनकर क्षेत्र में राजनीतिक सक्रियता भी रखते थे। बताया जा रहा है कि वह आगामी चुनाव को देखते हुए जिला पंचायत सदस्य पद की तैयारी में जुटे हुए थे। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।




साइन इन