यूपी की वोटर लिस्ट पर दावे-आपत्तियों का कल अंतिम दिन, नाम जुड़वा लें नाम नहीं तो हो सकती हैं दिक्कतें
यूपी की वोटर लिस्ट पर दावे-आपत्तियों का कल अंतिम दिन है। एसआईआर वाली मतदाता सूची में लोगों का नाम नहीं होगा तो ऐसे में 20-22 साल बाद होने वाली एसआईआर की प्रक्रिया में उनकी मैपिंग में कठिनाई आ सकती है।

UP News: यूपी में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया में दावे व आपत्तियां दाखिल करने का शुक्रवार को अंतिम दिन है। ऐसे लोग जो मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6 भरेंगे उनका नाम एसआईआर वाली मतदाता सूची में शामिल होगा। नाम तो आगे भी जुड़वाए जा सकेंगे मगर फिर एसआईआर वाली मतदाता सूची में लोगों का नाम नहीं होगा। ऐसे में 20-22 साल बाद होने वाली एसआईआर की प्रक्रिया में उनकी मैपिंग में कठिनाई आ सकती है।
अब दावे व आपत्तियों का समय नहीं बढ़ाया जाएगा। ऐसे में शुक्रवार को अंतिम दिन है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा की ओर से सभी जिलों के निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मतदाताओं को किसी भी तरह की कठिनाई न हो। नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 और मतदाता सूची से नाम कटवाने के लिए फॉर्म-7 भरा जा रहा है। ऐसे में प्रत्येक बूथ पर पर्याप्त मात्रा में फॉर्म-6, फॉर्म-7 और संशोधन के लिए फॉर्म-8 पर्याप्त संख्या में बीएलओ के पास उपलब्ध रहें। लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया जाए। वर्ष 2003 की मतदाता सूची से जिन 1.04 करोड़ मतदाताओं के नाम का मिलान नहीं हो सका है और 2.22 करोड़ तार्किक विसंगति वाले मतदाताओं को नोटिस जारी की गई है।
कुल 3.26 करोड़ मतदाताओं को नोटिस जारी की गई है और अब तक नोटिस पाने वाले मतदाताओं में से 78 प्रतिशत की सुनवाई की जा चुकी है। नोटिसों पर सुनवाई के लिए कुल 13161 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई। यह निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) व एईआरओ नोटिसों पर तेजी से सुनवाई कर रहे हैं। 27 मार्च तक नोटिसों पर सुनवाई की जाएगी। अभी जो ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई है उसमें 12.55 करोड़ मतदाता हैं। अब एसआईआर की प्रक्रिया के बाद नए नाम जोड़ने व गलत नाम काटने के बाद अंतिम मतदाता सूची 10 अप्रैल को जारी होगी। मालूम हो कि बीते 6 फरवरी को दावे व आपत्तियों का अंतिम दिन था और तब एक महीने यानी 6 मार्च तक का समय इसके लिए बढ़ा दिया गया था। अब समय नहीं बढ़ाया जाएगा और शुक्रवार को लोगों के पास अंतिम अवसर है।
82.34 लाख लोगों ने मतदाता बनने को भरा फॉर्म-6
यूपी में मतदाता बनने के लिए अभी तक 82.34 लाख लोग फॉर्म-6 भर चुके हैं। सभी जिलों में अंतिम दिन फॉर्म-6 भरवाने के लिए बीएलओ बूथ पर उपलब्ध रहेंगे। लोग ईसीआई नेट एप के माध्यम से और पोर्टल www.voters.eci.gov.in की मदद से घर बैठे ऑनलाइन फॉर्म भी भर सकते हैं। फिलहाल 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकते हैं। वहीं महिलाओं के नाम जुड़वाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
नाम कटवाने के लिए भरे गए 2.84 लाख फॉर्म-7
मतदाता सूची से नाम कटवाने के लिए अभी तक 2.84 लाख फॉर्म-7 भरे जा चुके हैं। जिसमें मृत व स्थानांतरित लोगों के अलावा ऐसे लोग भी हैं जिनका नाम गलत ढंग से सूची में शामिल हुआ था। अब दूसरे व्यक्ति की आपत्ति पर सुनवाई के बाद ऐसे लोगों के नाम काटे गए हैं। वहीं अगर आपत्ति गलत पाई गई है तो फिर जांच के बाद नाम नहीं भी काटे जा रहे हैं।
नाम जुड़वाने व कटवाने में राजनीतिक दल फिसड्डी
यूपी की मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए अभी तक कुल 82.34 लाख फॉर्म-6 भरे गए हैं। राजनीतिक दलों के कुल 5.82 लाख बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) की ओर से मात्र 40643 फॉर्म-6 ही भरवाए गए हैं। बीजेपी ने सर्वाधिक 26253, सपा ने 11051,बसपा ने 1761, आप ने 110, कांग्रेस ने 1324, अपना दल (एस) ने 144 और सीपीआई (एम) व नेशनल पीपुल्स पार्टी ने एक भी फॉर्म-6 नहीं भरवाया है। ऐसे ही नाम कटवाने के लिए कुल 2.84 लाख फॉर्म-7 भरे गए हें। राजनीतिक दलों की ओर से सिर्फ 1791 फॉर्म-7 भरे गए हैं। जिसमें 1729 बीजेपी, 47 सपा, 7 बसपा, 8 आप और बाकी दलों ने एक भी फॉर्म-7 नहीं भरा है।




साइन इन