बुलंदशहर: सूर्यदेव के तेवर तल्ख, आसमान से बरस रही आग, लू से झुलस रहे लोग
Bulandsehar News - बुलंदशहर में गर्मी बढ़ती जा रही है, सोमवार को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तेज धूप और लू के कारण लोग घरों में कैद हो गए हैं। डॉक्टरों ने हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने बुधवार से मौसम में बदलाव और हल्की बारिश की संभावना जताई है।

बुलंदशहर। जिले में गर्मी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को सूर्यदेव के तेवर बेहद तल्ख नजर आए, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। आसमान से बरस रही आग और भीषण लू के थपेड़ों ने लोगों को घरों में कैद होने पर मजबूर कर दिया। स्थिति यह है कि सुबह से ही चिलचिलाती धूप और पसीने ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। तापमान में आए अचानक उछाल ने स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बढ़ा दी हैं। डॉक्टरों के मुताबिक तेज धूप के कारण हीट स्ट्रोक (लू लगना) का खतरा काफी बढ़ गया है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी 27 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।
झुलसा देने वाली गर्मी के बीच राहत की एक उम्मीद जगी है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार से मौसम का मिजाज बदल सकता है।आसमान में बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। यदि ऐसा होता है, तो तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को इस भीषण उमस और लू से निजात मिल सकेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन