UP Weather: यूपी में भीषण गर्मी के बीच आई राहत की खबर, इस दिन बारिश, पारा गिरने के आसार
UP Rain: उत्तर प्रदेश में लोग गर्मी से बेहाल हो रहे हैं। ऐसे में मौसम विभाग से थोड़ी राहत की खबर ये आई है कि मंगलवार से हालात थोड़े बदलने के आसार हैं। एक पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है जो पहले दिन वेस्ट, दूसरे दिन ईस्ट यूपी में सक्रिय होगा। इसकी वजह से हल्की बारिश होने के साथ ही पारा थोड़ा गिर सकता है।

UP Weather : उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है। प्रदेश के कई शहरों का पारा इतना चढ़ा हुआ है कि लोग बेहाल नजर आ रहे हैं। रविवार को बांदा का तापमान जहां 46.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा वहीं प्रयागराज 45.7 डिग्री सेल्सियस पर तपा। प्रदेश के 40 जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। सोमवार यानी 27 अप्रैल को राजधानी लखनऊ का पारा 44 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। इस बीच मौसम विभाग की ओर से एक राहत की खबर आई है। मंगलवार यानी 28 अप्रैल से मौसम में बदलाव की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि 27 से 28 अप्रैल को एक विक्षोभ आएगा। पहले दिन पश्चिमी, अगले दिन पूर्वी यूपी में सक्रिय होगा, जिससे हल्की बारिश, आंधी संभव है। ऐसे में पारा तीन से चार डिग्री गिरेगा।
वैसे आज के लिए राजधानी लखनऊ समेत 35 जिलों में हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, मथुरा, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर आदि शामिल हैं।
आठ जिलों में 44 डिग्री या ऊपर रहा तापमान
रविवार को प्रदेश के आठ जिलों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस या इससे अधिक दर्ज किया गया। वहीं सात जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस या इसे अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार सबसे अधिक 44.7 डिग्री अधिकतम तापमान रायबरेली के फुर्सतगंज में रहा। वहीं कानपुर शहर में 44.1 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी बीएचयू में 44, आगरा में 43.9, अलीगढ़ में 43.6 तापमान दर्ज किया गया। हमीरपुर में तापमान 44.2 डिग्री तक पहुंच गया। लखनऊ में यह 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
गर्म पछुआ की वजह से लू की स्थिति
मौसम विभााग के मुताबिक हवा के निचले क्षोभमंडल में आ रही गर्म पछुआ की वजह से लू की स्थिति बन रही है। अभी महाराष्ट्र के ऊपर प्रति चक्रवात की स्थिति भी बनी हुई है। यह सिस्टम गर्म हवा को यूपी की ओर धकेल रहा है। नतीजतन रविवार को हरदोई, प्रयागराज, बांदा, अलीगढ़ और फुर्सतगंज में लू की स्थिति रही है।
गोरखपुर में पहाड़ों से आ रहीं हवाओं ने दिलाई राहत
वहीं गोरखपुर वालों को अप्रैल के अंतिम हफ्ते में प्रचंड गर्मी से थोड़ी राहत मिलती नजर आई। नेपाल के पहाड़ों की तरफ से आ रही हवा के कारण सूरज की तपिश का कहर थम गया। रविवार को आसमान में हल्के बादल भी मौजूद दिखे। इसके कारण न्यूनतम आद्रता में इजाफा हुआ। बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान करीब चार डिग्री सेल्सियस नीचे लुढ़ककर सामान्य के करीब पहुंच गया। हालांकि इस दौरान अधिकतम आद्रता में करीब 17 अंकों की गिरावट हुई। जबकि न्यूनतम तापमान में बीते 24 घंटे में कोई बदलाव नहीं हुआ।
मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार दोपहर बाद से अफगानिस्तान और पश्चिमी पाकिस्तान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा। आसमान में हल्के काले बादलों की एंट्री होगी। बुधवार को बादलों का रंग और गहरा काला होगा। इस दौरान तेज रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलेंगी। गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान दिन और रात के तापमान में गिरावट हो सकती है।
रविवार को सुबह से ही मौसम का मिजाज सुहाना रहा। नेपाल के पहाड़ों की तरफ से आ रही उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने सूरज की गर्मी को नियंत्रण में रखा। दिन भर करीब 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा से हवाएं चली। अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस अधिक था। इससे पहले शनिवार को अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस था। रविवार को न्यूनतम आद्रता 30 फीसदी रही। जबकि अधिकतम आद्रता 68 फीसदी रही। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को आसमान साफ रहेगा। दिन का तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच में रह सकता है।
आगरा में गर्म हवाओं ने झुलसाया
वहीं ताजनगरी आगरा में रविवार को भीषण गर्मी के बीच गर्म हवाओं ने खूब झुलसाया। दोपहर में इसका खासा असर देखा गया। तेज गर्म अवाओं के कारण बाजारों और सड़कों पर आवाजाही कम रही। अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मेरठ में रात के पारे ने तोड़ा 46 साल का रिकॉर्ड
मेरठ में रात में भी गर्मी ने बेहाल कर दिया। शनिवार रात तापमान ने 46 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया था। 22 अप्रैल 1980 के बाद मेरठ में रात में सबसे ज्यादा भीषण गर्मी दर्ज हुई। इस रिकॉर्ड के साथ ही मेरठ 57 वर्षों में दूसरी सबसे गर्म रात में भी दर्ज हो गया है। दिन का तापमान पहले से ही सामान्य से ऊपर बना है। रविवार को मेरठ में दिन-रात के तापमान क्रमश: 42.4 एवं 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुए।




साइन इन