सगे भाई रिश्तेदारों संग करते थे लूट, 400 से अधिक कैमरे खंगालने के बाद पकड़ पाई पुलिस
लखनऊ में दो सगे भाई समेत चार लुटेरों को गिरफ्तार किया है। चारों लुटेरे रिश्तेदार हैं। लुटेरों के कब्जे से सोने की चेन, काली पल्सर, एक स्कूटी, मोबाइल बरामद किया है।

UP News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस बड़ी कामयाबी मिली है। वजीरगंज पुलिस ने दो सगे भाई समेत चार लुटेरों को गिरफ्तार किया है। चारों लुटेरे रिश्तेदार हैं। पुलिस का दावा है कि लुटेरे मूल रूप से सहारनपुर के हैं, जो अलग-अलग जिलों में कुछ दिन ठहरकर लूट की वारदात करते और फिर वहां से निकल जाते। यहां रकाबगंज में हनुमान मंदिर गए एक व्यापारी के साथ 28 अप्रैल की रात सोने की चेन लूट की वारदात की थी। इसके बाद से पुलिस लुटेरों को तलाश रही थी। पुलिस ने 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले तब जाकर लुटेरों तक पहुंच सकी।
कैसरबाग इंस्पेक्टर राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि यहियागंज कायस्थगली टाटपट्टी निवासी व्यापारी गौरव अग्रवाल 28 अप्रैल की रात रकाबगंज हनुमान मंदिर दर्शन कर लौट रहे थे। तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी सोने की चेन लूट ली और फरार हो गए। इस मामले में 29 अप्रैल को वजीरगंज कोतवाली में लूट का मुकदमा दर्ज किया गया था। डीसीपी पश्चिमी कमलेश दीक्षित ने गुरुवार को प्रेसवार्ता कर लुटेरों के बारे में जानकारी दी।
लुटेरों के कब्जे से सोने की चेन, काली पल्सर, एक स्कूटी, मोबाइल बरामद
डीसीपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि चारों लुटेरे सहारनपुर मंडी के इंदिरा चौक के मूल निवासी हैं, जो कि लखनऊ में अलग-अलग रहते हैं। लुटेरों में आलमबाग गढ़ी कनौरा का मो. साहिल और मदेयगंज का शारिक अली सगे भाई हैं। मदेयगंज का हैदर अली और हैदरगंज का इमरान दोनों भाइयों के रिश्तेदार है। इनमें एक लुटेरा लंगड़ा है, जिसके पैर में रॉड पड़ी है। ये चारों लोग 10 से 15 दिन एक जिले में रहकर लूट की वारदात करते। इसके बाद दूसरे जिले में चले जाते। जगह बदल-बदलकर लूट करते हैं। लुटेरों के कब्जे से सोने की चेन, काली पल्सर, एक स्कूटी, मोबाइल बरामद किया है।
पूरी टीम की सराहना की
डीसीपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि एक सप्ताह में चारों आरोपित को सर्विलांस, 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की मदद से पकड़ने में कामयाबी मिली है। चेन लूट करने वालों इस गिरोह को गिरफ्तार करने में अहम भूमिका निभाने वाले वजीरगंज इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी, पांडेयगंज चौकी प्रभारी रजत सिंह, आगामीर डियोढ़ी चौकी प्रभारी अंशुमान कुमार, हाता चौकी प्रभारी रंजीत पाठक, रिवरबैंक चौकी प्रभारी रणविजय, लारी चौकी प्रभारी कपिल सिंह चौधरी, एसआई शिवम मौर्या समेत पूरी टीम की सराहना की।




साइन इन