60 की खरीदी चाकू और लगवाई धार, फिर बड़े भाई का किया खून; UPSC की तैयारी करता था आरोपी भाई
यूपी के गोंडा जिले में यूपीएससी की तैयारी कर रहे युवक ने बड़े भाई की हत्या कर दी। हत्या से पहले आरोपी ने स्थानीय बाजार से 60 रुपये का चाकू खरीदा था और 20 रुपये खर्च कर उस पर धार लगवाई।

यूपी के गोंडा जिले में यूपीएससी की तैयारी कर रहे युवक ने पढ़ाई के लिए पर्याप्त धन मिलने में बड़े भाई के टांग अड़ाने की आशंका में चाकू से गोदकर हत्या कर दी। हत्या से पहले आरोपी ने स्थानीय बाजार से 60 रुपये का चाकू खरीदा था और 20 रुपये खर्च कर उस पर धार लगवाई। हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी विनीत जायसवाल ने खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर आलाकत्ल चाकू व 31 हजार 500 रुपये भी बरामद किए हैं।
करनैलगंज के दुल्हिनपुरवा के मौजा नरायनपुरवा माझा में बीते तीन फरवरी की रात शिवशंकर दुबे पुत्र देवीदयाल दुबे उम्र करीब 30 वर्ष की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पुलिस अफसरों के साथ फील्ड यूनिट एवं डॉग स्क्वाड ने मौके पर तकनीकी साक्ष्य संकलित किए। मृतक के पिता देवीदयाल की तहरीर के आधार पर थाना पांच नामजद आरोपियों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच में पीड़ित पक्ष द्वारा दिए गए बयानों में भिन्नता पाई गई। इसके बाद एसपी ने एएसपी/क्षेत्राधिकारी अभिषेक दावच्या की निगरानी में तीन पुलिस टीमों को लगाया। कोतवाली व एसओजी की संयुक्त टीम ने इलेक्ट्रानिक एवं मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर घटना का अनावरण करते हुए छोटे भाई अमरनाथ दूबे पुत्र देवीदयाल दूबे को गांव के बाहर पक्की सड़क के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही से भुलावन यादव के खेत की मेड़ के पास से छिपाए गए 31 हजार 500 रुपए भी बरामद किए ।
एसपी विनीत जायसवाल ने की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने इंटरमीडिएट व स्नातक की शिक्षा इलाहाबाद में रहकर पूर्ण की थी। वर्ष 2023 से 2025 तक वह दिल्ली में रहकर कोचिंग से यूपीएससी की तैयारी कर रहा था। इसके बाद अगस्त 2025 से लखनऊ में रहकर तैयारी कर रहा था। बताया कि पढ़ाई के दौरान उसे परिवार से अपेक्षित आर्थिक सहयोग नहीं मिल पा रहा था, जिससे वह लगातार तनाव में रहने लगा था। परिवार की आय-व्यय का पूरा नियंत्रण उसके बड़े भाई शिवशंकर दूबे के पास था। उसके मन में यह धारणा बन गई थी कि उसका भाई जानबूझकर उसे पैसे नहीं दे रहा है और उसके भविष्य व कैरियर को खराब कर रहा है। इसी बात को लेकर वह अंदर ही अंदर अपने भाई के प्रति द्वेष रखने लगा। माता-पिता के एक माह के कल्पवास के लिए प्रयागराज जाने की खबर पाकर वह घर आ गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने भाई की हत्या कर रुपये लेने की योजना बनाई। उसने करनैलगंज बस स्टॉप के पास कटरा रोड पर साइकिल से चाकू बेचने वाले व्यक्ति से 60 रुपये में चाकू खरीदा। पड़ोस की भाभी को बैंक ले जाने के दौरान उसने कर्नलगंज कस्बे में रामतेज बिल्डिंग की दुकान पर 20 रुपये देकर चाकू की धार तेज करायी। घटना की रात जब उसे लगा कि उसके भाई के पास अधिक पैसे हैं, तो रात्रि लगभग 11 बजे उसने खेत में पानी लगाने का बहाना बनाया और अपने भाई को साथ लेकर घर से निकला। चाकू को अपनी जैकेट के अंदर छिपाकर ले गया था। रास्ते में सुनसान स्थान पर पहुंचते ही उसने अचानक अपने भाई पर चाकू से कई वार कर दिए।
मृतक ने बचने का प्रयास किया और दोनों के बीच हाथापाई हुई, जिससे अभियुक्त के दोनों हाथों में भी चोटें आईं। लगातार हमले के कारण बड़े भाई की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या करने के बाद अभियुक्त ने मृतक की जेब से रुपये निकाले और घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक खेत की मेड़ में मिट्टी से दबाकर छिपा दिए। इसके बाद खून लगा चाकू गेहूं के खेत में फेंक दिया। स्वयं को बचाने व शक से दूर रखने के लिए वह गांव की ओर भागते हुए शोर मचाने लगा कि उसके भाई को किसी ने मार दिया है।
खुलासे में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका :
कोतवाल नरेन्द्र प्रताप राय, दरोगा बृजराज प्रसाद, गौरव सिंह तोमर (प्रभारी एसओजी / सर्विलांस सेल), अक्षय कुमार मिश्र, सरफराज खां व मोहम्मद गुफरान, हेड कांस्टेबल दीपक मिश्रा, अरविन्दर सिंह व सिपाही हिमान्शू प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिस भाई ने पाला-पोसा, उसी का बन गया जानी दुश्मन:
मृतक शिवशंकर दूबे ने छोटे भाई अमरनाथ को बचपन से संभाला, पढ़ाया और आगे बढ़ाने की हर कोशिश की। लेकिन पैसों और तनाव ने रिश्तों की नींव हिला दी। हालात ऐसे बने कि वही अमरनाथ ही उनकी जान का दुश्मन बन गया। गांव वालों के अनुसार शिवशंकर परिवार की जिम्मेदारी संभालते थे। वहीं, अमरनाथ बाहर रहकर पढ़ाई कर रहा था। आर्थिक तंगी और गलतफहमियों ने दोनों भाइयों के बीच दूरियां बढ़ा दीं… आखिरकार यही दूरी एक दिल दहला देने वाली वारदात में बदल गई। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।




साइन इन