blinkit delivery boy akshay sets himself on fire inside baradari police station bareilly over seized bike issue news ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय ने थाने में खुद को लगाई आग, पुलिस नहीं छोड़ रही थी बाइक, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय ने थाने में खुद को लगाई आग, पुलिस नहीं छोड़ रही थी बाइक

बरेली के बारादरी थाने में ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय अक्षय ने बाइक न छोड़ने पर खुद को आग लगा ली। पुलिस ने एक्सीडेंट के बाद उसकी बाइक जब्त की थी। अक्षय का कहना था कि बाइक के बिना उसकी रोजी-रोटी बंद हो गई है। वह गंभीर रूप से झुलस गया है और जिला अस्पताल में भर्ती है।

Wed, 25 Feb 2026 10:44 AMYogesh Yadav बरेली, मुख्य संवाददाता
share
ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय ने थाने में खुद को लगाई आग, पुलिस नहीं छोड़ रही थी बाइक

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ के बारादरी थाने में मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ब्लिंकिट कंपनी के एक डिलीवरी बॉय ने पुलिस की कार्यशैली से परेशान होकर खुद पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली। आग की लपटों से घिरा युवक चिल्लाते हुए थाने के भीतर की ओर भागा, जिसे देख पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में आग बुझाकर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

क्या है पूरा विवाद?

घटना की जड़ सोमवार शाम को हुए एक सड़क हादसे से जुड़ी है। फतेहगंज पश्चिमी का निवासी अक्षय कुमार अपनी माँ के साथ कोतवाली क्षेत्र में किराए पर रहता है और ब्लिंकिट में डिलीवरी बॉय का काम कर अपना गुजारा करता है। सोमवार को जब वह गंगापुर क्षेत्र में सामान की डिलीवरी देने गया था, तभी संजयनगर निवासी विकास नाम का युवक उसकी बाइक लेकर भाग निकला। भागने के प्रयास में विकास ने माधोबाड़ी निवासी आकाश को टक्कर मार दी, जिससे आकाश के दोनों पैर टूट गए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विकास को हिरासत में ले लिया और अक्षय की बाइक (जिससे हादसा हुआ था) को जब्त कर बारादरी थाने में खड़ा कर दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पिता के सिर में मारी गोली, फिर बाथरूम में आरी से काटा शव, लखनऊ का नीला ड्रम कांड

रोजी-रोटी छिनने के डर ने बनाया आत्मघाती

एक डिलीवरी बॉय के लिए उसकी बाइक ही उसकी आय का एकमात्र साधन होती है। अक्षय सोमवार शाम से ही अपनी बाइक छुड़ाने के लिए थाने की चौखट पर चक्कर काट रहा था। उसने पुलिसकर्मियों को बार-बार दलील दी कि बाइक उसकी है और चलाने वाला कोई और था, लेकिन पुलिस ने मामले के कानूनी निपटारे तक बाइक छोड़ने से साफ इनकार कर दिया।

पूरा मंगलवार अक्षय थाने में मिन्नतें करता रहा। गरीबी और काम बंद होने के तनाव ने उसे इस कदर तोड़ दिया कि उसने आत्मघाती कदम उठाने का फैसला कर लिया। मंगलवार रात वह एक बोतल में पेट्रोल लेकर पहुँचा और थाने के गेट पर ही खुद को आग के हवाले कर दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पांच की जगह दस लाख तक का मुफ्त इलाज, लाखों कर्मचारियों के लिए आदेश हुआ जारी
ये भी पढ़ें:दिनदहाड़े न्यायिक हत्या है ट्रायल जज का फैसला, हाईकोर्ट बरसा, आचरण पर भी गंभीर

पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

थाने के भीतर आग की लपटों में घिरे युवक को देख इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय और अन्य पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आग बुझाई और उसे अस्पताल पहुँचाया। सूचना मिलते ही सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव भी जिला अस्पताल पहुँचे। डॉक्टरों के मुताबिक, अक्षय का चेहरा, बाल और गर्दन का हिस्सा काफी झुलस गया है, लेकिन फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि क्या बाइक रोकने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही या दुर्व्यवहार हुआ था।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result 2026 Live, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।