bareilly criminal rishabh thakur arrested for assaulting muslim youth jai shri ram slogans viral video ऋषभ ठाकुर ने मुस्लिम युवक से लगवाए जयश्रीराम के नारे, चप्पलों से पीटा, वीडियो वायरल, गिरफ्तार, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

ऋषभ ठाकुर ने मुस्लिम युवक से लगवाए जयश्रीराम के नारे, चप्पलों से पीटा, वीडियो वायरल, गिरफ्तार

बरेली के चर्चित अपराधी और खुद को बजरंग दल का नेता बताने वाले ऋषभ ठाकुर ने एक मुस्लिम युवक को चप्पलों से पीटा और उससे जबरन जय श्रीराम के नारे लगवाए। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद कैंट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऋषभ को गिरफ्तार कर लिया है।

Sun, 29 March 2026 09:50 PMYogesh Yadav बरेली मुख्य संवाददाता
share
ऋषभ ठाकुर ने मुस्लिम युवक से लगवाए जयश्रीराम के नारे, चप्पलों से पीटा, वीडियो वायरल, गिरफ्तार

Bareilly News:उत्तर प्रदेश के बरेली में कानून को ठेंगे पर रखने वाले और खुद को बजरंग दल का नेता बताने वाले ऋषभ ठाकुर की एक और करतूत सामने आई है। हिंदू लड़की से बातचीत करने के शक में ऋषभ ने एक मुस्लिम युवक को पकड़कर उसे चप्पलों से पीटा और जबरन जय श्रीराम के नारे लगवाए। इसका वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर डाल दिया। पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए रविवार देर रात ऋषभ ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। कैंट थाना पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और पीड़ित पक्ष से तहरीर मांगी गई है।

वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया वायरल

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ऋषभ ठाकुर सरेराह युवक को प्रताड़ित कर रहा है। आसपास ऋषभ के कई दोस्त भी मौजूद हैं। उन्हीं में से कोई वीडियो भी बना रहा है। घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। ऋषभ ने युवक को इसलिए निशाना बनाया क्योंकि उसकी जान-पहचान मोहल्ले की ही एक हिंदू लड़की से थी। ऋषभ ने युवक को अपमानित करते हुए उससे जबरन जय श्री राम के नारे लगवाए और जमीन पर गिराकर चप्पलों से उसकी पिटाई की। खुद को चर्चा में रखने के लिए ऋषभ ने इस पूरी घटना का वीडियो बनवाया और उसे विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर डाल दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कमरे के अंदर थानाध्यक्ष को लगी गोली, गंभीर हालत में सुल्तानपुर से लखनऊ रेफर

अपराधों का लंबा इतिहास

ऋषभ ठाकुर बरेली पुलिस के लिए नया नाम नहीं है। उसका आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है। ऋषभ ठाकुर कैफे में मुस्लिम युवक से मारपीट के बाद चर्चा में आया था। कुछ महीने पहले राजेंद्र नगर के एक कैफे में जन्मदिन मनाने कई दोस्तों के साथ गई हिंदू छात्रा के मुस्लिम दोस्त को उसने लव जिहाद का नाम देकर पीटा था। इसका भी वीडियो वायरल हुआ और ऋषभ को जेल भेजा गया था।

कुछ समय बाद वह जेल से जमानत पर बाहर आ गया। इसके बाद भी उसकी हरकतें नहीं सुधरीं तो और बार-बार अपराध करने के चलते पुलिस ने उसे 'जिला बदर' घोषित किया था। इसके बाद भी वह शहर में सक्रिय रहा। पीलीभीत बाईपास स्थित एक स्पा सेंटर की संचालिका से रंगदारी मांगने और धमकाने का मामला भी सामने आया। इस मामले में भी उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:8 घंटे में 3 एनकाउंटर: UP के इस जिले में पुलिस-बदमाशों के बीच तड़तड़ाईं गोलियां
ये भी पढ़ें:यात्री पर भूत का साया! हवा में ही विमान का इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश से खलबली

वीडियो के आधार पर एक्शन, तहरीर का इंतजार

कैंट पुलिस ने मुस्लिम युवक की चप्पलों से पिटाई और नारे लगवाने के वीडियो के आधार पर रविवार रात दबिश देकर ऋषभ को धर दबोचा। पुलिस ने लड़की और युवक के परिजनों से संपर्क कर औपचारिक शिकायत (FIR) दर्ज कराने की अपील की है, हालांकि सामाजिक दबाव के चलते अभी तक परिजनों ने लिखित तहरीर नहीं दी है। बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर की शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऋषभ के खिलाफ पुरानी धाराओं को जोड़ते हुए कठोर कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।