यात्री पर भूत का साया! हवा में ही विमान का इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश से खलबली
बेंगलुरु से वाराणसी आ रहे इंडिगो विमान में एक यात्री ने लैंडिंग से पहले इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश की। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ में जुटी हैं। उसने अपनी हरकत के पीछे भूत का साया बताया है।

Varanasi News: वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर उतरने से पहले इंडिगो की फ्लाइट में एक ऐसी घटना घटी जिससे हड़कंप मच गया। बेंगलुरु से वाराणसी आ रहे इंडिगो के विमान संख्या 6E-185 में सवार एक यात्री ने लैंडिंग से ठीक पहले विमान का इमरजेंसी गेट खोलने का प्रयास किया। इस अप्रत्याशित हरकत से विमान में सवार यात्री दहशत में आ गए। पास बैठे यात्री की चीख निकल गई। इससे पूरे विमान में चीख पुकार और खलबली मच गई। गेट खोलने की कोशिश का मैसेज पायलट तक पहुंचा तो उसने एटीएस को भी सूचना दी। पायलट ने सूझबूझ का परिचय दिया और विमान की सुरक्षित लैंडिंग करा ली। विमान उतरते ही सीआईएसएफ (CISF) ने आरोपी यात्री को हिरासत में लेकर फूलपुर पुलिस के हवाले कर दिया है। प्रारंभिक पूछताछ में यात्री ने अपनी हरकत के पीछे भूत का साया बताया। विमान में 152 यात्री और दो मासूम बच्चे सवार थे।
लैंडिंग के वक्त मचा हड़कंप, पायलट ने दोबारा उड़ाया विमान
घटना उस समय हुई जब विमान वाराणसी हवाई अड्डे के रनवे पर उतरने ही वाला था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मऊ का रहने वाला मोहम्मद अदनान (26) अचानक अपनी सीट से उठा और इमरजेंसी एग्जिट की ओर बढ़ा। उसने जैसे ही गेट का लीवर खींचने की कोशिश की, पास बैठे यात्री चिल्लाने लगे। क्रू मेंबर्स ने तुरंत उसे रोकने का प्रयास किया। पायलट तक भी सूचना पहुंच गई। पायलट ने इसकी जानकारी एटीसी को दी। विमान को सुरक्षित उतरने के बाद यात्री को सीआईएसएफ के हवाले कर दिया गया।
मऊ का निवासी है आरोपी, गोवा से लौट रहा था घर
फूलपुर थाना प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि पकड़ा गया युवक मोहम्मद अदनान मऊ के यूसुफ पुरा मोहल्ला, दक्षिण टोला का रहने वाला है और साड़ी बुनाई का काम करता है। पूछताछ में पता चला कि वह 24 मार्च को मऊ से ट्रेन के जरिए गोवा घूमने गया था और शनिवार को बेंगलुरु के रास्ते वाराणसी लौट रहा था। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में युवक ने इसे भूत का साया बताया है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इसे इतनी आसानी से नहीं ले रही हैं।
बीएनएस की धारा 125 के तहत मुकदमा दर्ज
एयरलाइंस की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालना) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आईबी (IB) और अन्य खुफिया एजेंसियां भी इस मामले की जांच कर रही हैं कि क्या यह केवल नादानी थी या इसके पीछे कोई संदिग्ध मंशा। भूत का साया वाली बात को भी पुलिस नहीं मान रही है। पुलिस ने एहतियातन आरोपी के परिजनों को मऊ से वाराणसी बुला लिया है। फिलहाल, युवक से कड़ी पूछताछ की जा रही है और उसे ब्लैकलिस्ट (No Fly List) में डालने की प्रक्रिया भी शुरू हो सकती है।




साइन इन