भीषण गर्मी को देखते हुए विद्यालय समय परिवर्तन की मांग
Barabanki News - बाराबंकी में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पार होने के कारण प्राथमिक शिक्षक संघ ने परिषदीय विद्यालयों के समय में परिवर्तन की मांग की है। संघ के जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर विद्यालयों का समय सुबह 7:30 बजे से 12:00 बजे तक करने का अनुरोध किया है।

बाराबंकी। जनपद में लगातार बढ़ते तापमान एवं प्रचंड गर्मी को देखते हुए प्राथमिक शिक्षक संघ बाराबंकी ने परिषदीय विद्यालयों के समय में परिवर्तन की मांग की है। संघ के जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने जिलाधिकारी को पत्र प्रेषित कर विद्यालयों का समय प्रात: 7:30 बजे से 12:00 बजे तक निर्धारित किए जाने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भीषण गर्मी से तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पार हो गया है। लू के कारण छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है। अधिकांश बच्चे दूर-दराज क्षेत्रों से विद्यालय आते हैं, जिससे उन्हें तेज धूप का सामना करना पड़ता है।
मौसम विभाग द्वारा भी दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। यह भी कहा कि इस स्थिति से शिक्षक भी परेशान हो रहे हैं। ऐसे में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों का समय परिवर्तित किया जाना आवश्यक है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन