बाराबंकी में घाघरा नदी पुल पर कल से पूरी बंद होगा आवागमन, पीपा पुल से गुजरेंगे केवल ये वाहन
बाराबंकी में घाघरा नदी पुल पर 15 अप्रैल से पूरी बंद आवागमन होगा। दूसरी तरफ नदी पर आने व जाने के लिए पीपे के दो पुल बनकर तैयार हो गए हैं। पुल का एप्रोच रोड बनाने का काम भी शुरू हो गया है।

UP News: लखनऊ से बहराइच जाने वाले जान लें। घाघरा नदी पर संजय सेतु की मरम्मत के लिए पुल पर आवागमन पूरी तरह बंद हो जाएगा। इसके मद्देनजर रोडवेज ने 15 अप्रैल से ही चहलारीघाट-रेऊसा (सीतापुर) होते हुए बसों का संचालन करना सुनिश्चित कर लिया है। प्रशासन की ओर निर्देश मिलते ही संचालन शुरू कर दिया जाएगा। दूसरी तरफ नदी पर आने व जाने के लिए पीपे के दो पुल बनकर तैयार हो गए हैं। पुल का एप्रोच रोड बनाने का काम भी शुरू हो गया है। मार्ग पर लोहे का पतरा रखा जाएगा जिससे वाहनों को निकलने में दिक्कत न हो। हालांकि दोनों किनारों की ऊंचाई अधिक होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है।
दशकों पुराना संजय सेतु काफी जर्जर हो गया है। आए दिन गर्डर उखड़ने से आवागमन अवरुद्ध हो जाता है। पुल की मरम्मत के लिए शासन की ओर से 16 अप्रैल से दो महीने के लिए आवागमन बंद करने का निर्णय लिया है। ऐसे में बहराइच, श्रावस्ती व नेपाल के लोगों को अब चहलारीघाट-रेऊसा (सीतापुर) होते हुए राजधानी लखनऊ जाना पड़ेगा। यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से वैकल्पिक तौर पर पीपे का पुल का निर्माण करा दिया है।
लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि पीपा पुल पर 15 अप्रैल से सीमित वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। राष्ट्रीय राजमार्ग के इंजीनियर अनंत मौर्य ने बताया कि पुल के नीचे की मरम्मत का कार्य जारी है। 16 अप्रैल से यातायात बंद होने के बाद मरम्मत कार्य में तेजी आएगी।
नीपी पुल पर निकल सकेंगे ये वाहन
साइकिल, मोटरसाइकिल, एंबुलेंस, कार और जीप
बस यात्रियों की मुश्किल बढ़ेगी
जरवलरोड और कैसरगंज क्षेत्र के हजारों यात्री रोडवेज बसों से राजधानी तक सफर करते हैं। काफी लोगों ने मंथली पास भी बनवा रखा है। रोडवेज से सफर करने वाले सभी यात्रियों के लिए बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। बस पकड़ने के लिए पहले वे डग्गामार वाहनों से बहराइच आएंगे। इसके बाद वे लखनऊ जा सकेंगे।
बढ़ सकती है डग्गामारी
संजय सेतु पर आवागमन बंद होने पर पीपे के पुल पर छोटी गाड़ियों को निकलने की छूट मिलेगी। ऐसे में डग्गामारी बढ़ने की संभावना है। फखरपुर, कैसरगंज, जरवल तथा जरवल रोड के लोगों को लखनऊ आने-जाने के लिए डग्गामार वाहनों का प्रयोग करना पड़ सकता है।




साइन इन