परिषदीय स्कूलों का बदला समय, 7:30 बजे से खुलेंगे
Banda News - बांदा में भीषण गर्मी के चलते परिषदीय विद्यालयों का समय बदल दिया गया है। अब नर्सरी से कक्षा 8 तक के विद्यालय सुबह 7:30 से 12:30 तक संचालित होंगे। जिले में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। जिला प्रशासन ने गर्मी से बचाव के लिए अलर्ट जारी किया है।

बांदा। भीषण गर्मी के चलते परिषदीय विद्यालयों के समय में परिवर्तन किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अव्यक्तराम तिवारी ने पत्र जारी कर बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के परिषदीय, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त आईसीएससी, सीबीएससी, अन्य बोर्ड से संचालित मान्यता प्राप्त विद्यालयों में विद्यालय संचालन का समय सुबह 7:30 से दोपहर 12:30 तक कर दिया गया है। सभी खंड शिक्षाधिकारियों को पालन कराने के निर्देश दिए हैं। जनपद में लोगों को इस समय प्रचंड गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। शादी-सहालग का समय होने के कारण लोग मजबूरी में कड़ी धूप व गर्मी के बीच बाजार व निमंत्रण कर रहे हैं।
रविवार को सुबह से ही सूरज की तपिश की वजह से लोग गर्मी में बिलबिलाते रहे। दिन चढ़ने के सात गर्मी प्रचंड होती होती गई। दोपहर में असहनीय धूप की वजह से रोडवेज बस स्टैंड, जजी चौराहा, संकट मोचन मंदिर, बाबूलाल चौराहा जैसे भीड़ भाड़ वाले इलाकों में सड़कों पर वीरानगी नजर आई। लोग गर्मी से बचने के लिए पूरे दिन घरों में कैद रहे। रविवार का दिन होने के कारण बच्चे भी राहत में रहे। उधर, कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ.दिनेश शाह ने बताया कि राजस्थान से गर्म पछुआ हवा जिले में गर्मी बढ़ा रही है। मौसम में नमी कम होने व तेज धूप के कारण तपन ज्यादा महसूस हो रही है। उन्होंने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 43.6 व न्यूनतम 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।सामान्य से यह ज्यादा है। उधर, मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों की मानें तो बांदा जनपद तीसरे दिन भी पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म रहा। पूर्वानुमान विभाग के मुताबिक सोमवार और मंगलवार को तापमान में और इजाफा होने की संभावना है। जिला प्रशासन ने भी गर्मी को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। एडीएम कुमार धर्मेंद्र ने जिलेवासियों से हीटबेव से बचने की अपील की है। साथ ही ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन