अप्रैल में दिख रही नौतपा जैसी गर्मी, आगे और बढ़ेगा तापमान
Balrampur News - बलरामपुर में गर्मी ने अप्रैल के अंत में अपना तीखा रूप दिखाना शुरू कर दिया है। 24 और 25 अप्रैल को तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुँचने की संभावना है। आपदा प्रबंधन विभाग ने अलर्ट जारी किया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ रही है, विशेष रूप से बुखार और डीहाइड्रेशन के कारण।

बलरामपुर, संवाददाता।मौसम ने इस बार अप्रैल के अंत में ही अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। 24 व 25 अप्रैल को जिले में भीषण गर्मी अपने चरम पर पहुंचने की संभावना मौसम विज्ञानियों ने जताई है। आपदा प्रबंधन विभाग ने इस बावत अलर्ट भी जारी किया है। जानकारों की मानें तो आने वाले दिनों में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित होने की आशंका है। बुधवार को जिले में 42 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। लू के थपेड़ों और गर्मी ने लोगों को मुश्किल में डाल दिया है। गुरुवार को एक पश्चिमी विक्षोप सक्रिय होगा, लेकिन इससे राहत मिलने की उम्मीद कम है।
इसके उलट गर्म हवाएं यानि हीट वेव और तेज हो सकती हैं। पिछले एक सप्ताह से प्रचंड गर्मी ने अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। गर्मी और लू के कारण दिनभर सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। अस्पतालों में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। जिला अस्पतालों से लेकर प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर चिकित्सक कक्ष के बाहर मरीजों की लम्बी कतारें देखी गईं। सबसे ज्यादा मरीज बुखार, डीहाईड्रेशन, कमजोरी और त्वचा से सम्बन्धित आ रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि शरीर में पानी की कमी होने से सोडियम और पोटैशियम का स्तर गिर जाता है, जिससे बेचैनी, चक्कर और थकान जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। इसके अलावा तेज धूप के कारण सन बर्न और त्वचा सम्बन्धी एजर्ली के मामलों में इजाफा हुआ है। खासकर वे लोग जो दोपहर के समय बाहर निकलने का मजबूर हैं वह इससे सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों पर भी इस भीषण गर्मी का साफ असर देखा जा रहा है। चिकित्सकों की मानें तो लगातार बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं के कारण हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है। यदि ऐसे में सावधानी न बरती गई तो स्थिति गंभीर हो जाएगी।हीटवेव से बचाव के लिए अस्पतालों में रिजर्व किए गए बेड:अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के निर्देशानुसार बलरामपुर के सभी जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में हीटवेव से बचाव के लिए आवश्यक उपाय किए गए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि जिला अस्प्तालों में दस-दस व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर चार-चार बेड हीट वेव के शिकार मरीजों के लिए आरक्षित किए गए हैं। साथ ही सभी को यह निर्देश दिया गया है कि हीटवेव के शिकार लोगों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। अस्पताल आने वाले मरीजों को बढ़ते तापमान और हीट स्ट्रोक के प्रति जागरूक किया जाए। नीबू, पानी, छाछ व पना गर्मी से दिलाएगा राहत: जानकार बताते हैं कि भीषण गर्मी से बचने के दिनभर में कम से कम आठ से दस गिलास पानी अवश्य पिएं। धूप से बचें, हल्के कपड़े पहनें। सिर को ढक कर रखें। नीबू, पानी, छाछा, नारियल पानी, पना और ओआरएस का सेवन करें, जिससे शरीर में इलेक्ट्रोलाइट संतुलन बना रहे। हल्का व सुपाच्य भोजन करें। बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें। चक्कर आने, तेज बुखार होने, उल्टी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखने पर तत्काल चिकित्सक से सम्पर्क पर परामर्श लें। सुबह 11 बजे से चार बजे तक कोशिश करें कि जरूरी न हो तो धूप में निकलने से परहेज करें।भीषण गर्मी में अघोषित विद्युत कटौती बढ़ा रही परेशानी:भीषण गर्मी से जहां आम जनजीवन अस्त व्यस्त है वहीं बिजली की अघोषित कटौती ने लोगों की समस्याओं को और भी बढ़ा दिया है। जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण इलाकों में कभी अनुरक्षण तो कभी लोकल फाल्ट के नाम पर कई कई घंटे बिजली काटी जा रही है। गर्मी की वजह से ट्रांसफार्मर भी हीट हो जा रहे हैं। लो वोल्टेज की भी समस्या कई इलाकों में बनी रहती है। जिससे बिजली से चलने वाले उपकरण बंद रहते हैं। लोगों का कहना है कि विभाग को अनुरक्षण कार्य गर्मी के पूर्व ही करा लेना चाहिए था। बुधवार को भी अनुरक्षण कार्य के कारण शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।अरुण सिंह, आपदा विशेषज्ञ, बलरामपुर ने कहा कि हीटवेव को लेकर शासन के निर्देशानुसार एडवाइजरी जारी की गई है। लोगों को खुद सतर्क रहना होगा। आने वाले दिनों में तापमान में तीब्र बढ़ोत्तरी की आशंका है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे की ओर से पूरी तैयार की गई है। लोग गाइडलाइन का पालन करें, जिससे गर्मी के कारण लोगों की सेहत पर विपरीत प्रभाव न पड़े।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन