आसमान से बरस रही आग, 42 डिग्री सेल्सियस पहुंचा पारा
वैशाख महीने की शुरुआत होते ही नवादा में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्मी के कारण लोग घर से नहीं निकल पा रहे हैं। अगले 72 घंटों तक राहत की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

वैशाख महीने की शुरुआत होते ही नवादा जिले में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। सुबह 10 बजे के बाद से ही सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है और गर्म पछुआ हवाओं यानी लू ने लोगों का घर से निकलना मुहाल कर दिया है। न केवल दिन का तापमान, बल्कि न्यूनतम तापमान में भी भारी उछाल देखा जा रहा है। नवादा में न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस के करीब बना हुआ है। आलम यह है कि सूर्यास्त के बाद भी गर्म हवाओं का प्रभाव कम नहीं हो रहा, जिससे रातें भी काफी गर्म और बेचैन करने वाली हो गई हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की बढ़ती मांग और लोड शेडिंग ने इस परेशानी को और बढ़ा दिया है। जानकार कहते हैं कि वैशाख के महीने में नवादा में ऐसी भीषण गर्मी का होना सामान्य बात नहीं है। जलवायु परिवर्तन के कारण तापमान में यह वृद्धि हो रही है। लोगों को गर्मी से बचने के लिए सतर्क रहने की प्रबल जरूरत है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 72 घंटों तक राहत की कोई उम्मीद नहीं है। कृषि विशेषज्ञ रौशन कुमार ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से नमी न आने और उत्तर-पश्चिम से आने वाली शुष्क हवाओं के कारण पारा 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। जिले में अगले 04 दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। दोपहर के समय 20-30 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से गर्म हवाएं चलने की संभावना है। फिलहाल बारिश के कोई आसार नहीं हैं, आसमान पूरी तरह साफ रहेगा जिससे डायरेक्ट सोलर रेडिएशन का असर ज्यादा होगा। वहीं बढ़ती गर्मी को देखते हुए सदर अस्पताल सहित सभी पीएचसी को अलर्ट पर रखा गया है। सिविल सर्जन डॉ.बिनोद कुमार चौधरी ने सलाह दी है कि दोपहर 12 से 04 बजे के बीच घर से निकलने से बचें। शरीर में पानी की कमी न होने दें। ओआरएस, नींबू पानी और लस्सी का सेवन करें। बाहर निकलते समय सिर को सूती कपड़े या छाते से ढक कर रखें। चक्कर आने या सिरदर्द होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। बीते पांच सालों में सर्वाधिक रहा तापमान नवादा में गर्मी का ग्राफ साल दर साल ऊपर जा रहा है। पिछले पांच वर्षों में आज की तारीख 21 अप्रैल के तापमान के आंकड़े बताते हैं कि इस बार गर्मी ने वक्त से पहले ही अपने तेवर कड़े कर लिए हैं। 21 अप्रैल 2022 में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस यानी सामान्य गर्मी रही थी, जबकि 2023 में 41.2 डिग्री सेल्सियस यानी लू का प्रभाव बना हुआ था। 2024 में 40.8 डिग्री सेल्सियस यानी गर्म हवाओं का प्रभाव रहा। 2025 में 41.5 डिग्री सेल्सियस अर्थात भीषण गर्मी और चालू साल 2026 में मंगलवार को 42.3 डिग्री सेल्सियस यानी अत्यधिक लू का प्रभाव देखा गया, जो बेहद कष्टकारी रहा। आंकड़ों से स्पष्ट है कि 2022 की तुलना में 2026 में तापमान में लगभग 03 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। पांच सालों में तुलनात्मक तापमान (डिग्री सेल्सियस): वर्ष अधिकतम न्यूनतम 2022: 39.5 25.2 2023: 41.2 26.1 2024: 40.8 27.1 2025: 41.5 28.2 2026: 42.3 25.8 (नवादा से राजेश मंझवेकर)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन