शिविर में 22 आवास लाभार्थियों को मिली प्रतीकात्मक चाबी
Balrampur News - शिवपुरा के सभागार में भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्वास्थ्य मेला और लाभार्थी शिविर का आयोजन किया गया। विधायक कैलाशनाथ शुक्ल ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। इस मौके पर स्थानीय लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाबियाँ भी वितरित की गईं।

ललिया, संवाददाता। विकास खंड हरैया सतघरवा मुख्यालय शिवपुरा स्थित सभागार में भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्वास्थ्य मेला व लाभार्थी शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विधायक ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला, स्वच्छ भारत मिशन तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं का उल्लेख करते हुए पात्र लोगों से उनका लाभ उठाने की अपील की।
इस दौरान विधायक ने महिला एवं बाल विकास विभाग से आयोजित गोदभराई व अन्नप्राशन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना के 22 लाभार्थियों को आवास की प्रतीकात्मक चाबी देकर उन्हें बधाई दी। शिविर में आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। विधायक ने अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र उपाध्याय सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन