जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
Azamgarh News - आजमगढ़ में केंद्रीय सरकार के 12 वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा जनकल्याण शिविर और स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। विभिन्न विभागों ने सहभागिता की और पंजीकरण भी कराया।

आजमगढ़, संवाददाता। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्व होने के उपलक्ष्य में सोमवार को जिले के अलग-अलग स्थानों पर भाजपा की ओर से जनकल्याण शिविर, स्वास्थ्य मेला समेत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि शासन के नीतिगत निर्णयों, जन-केंद्रित विकास कार्यों एवं लोक-कल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने, जन समस्याओं का त्वरित निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह अभियान चल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से आम जन को सीधे जोड़ते हुए उन्हें लाभ दिलाने पर विशेष बल दिया गया। इस दौरान सभी विभागों की सहभागिता से लगे स्टॉल में योजनाओं की जानकारी दी गई। इस शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं एवं कार्यक्रमों से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे। इसके साथ ही इच्छुक एवं पात्र व्यक्तियों का पंजीकरण भी कराया गया। शिविर में सीडीओ परीक्षित खटाना, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जनकल्याण शिविर और स्वास्थ्य मेले का आयोजन
महराजगंज प्रतिनिधि के अनुसार विकास खंड परिसर में 14 से 16 जून तक जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना और स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं को लोगों तक पहुंचाना रहा। इस दौरान विभिन्न विभागों की भागीदारी रही। मुख्य अतिथि के रूप में निवर्तमान भाजपा जिलाध्यक्ष श्री कृष्णपाल ने जन कल्याण योजना पर प्रकाश डालते हुए किसानों को जानकारी दी। मेले में लगे स्वास्थ्य विभाग, स्वयं सहायता समूह, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई के कार्यक्रम में फल और पौष्टिक आहार दिया गया। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पारस नाथ यादव, जिला पंचायत सदस्य विशाल सेठ ,सहायक विकास अधिकारी पंचायत मिथिलेश कुमार राय, सहायक विकास अधिकारी कृषि अशोक कुमार, मुकेश यादव, श्रीकांत मौर्य, अशोक कुमार मौर्य, गुलाब सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे। तहबरपुर प्रतिनिधि के अनुसार ब्लाक परिसर में जन कल्याणकारी योजनाओं के शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के तौर पर भाजपा लालगंज के जिला महामंत्री आशुतोष राय पंकज रहे। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजना का लाभ आम आदमी को मिल रहा है। इस अवसर पर भाजपा मंडल महामंत्री रामभवन राम, शिवांश सिंह, सहायक विकास अधिकारी पंचायत मनोज श्रीवास्तव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
रानी की सराय में प्रदर्शनी का शुभारंभ
रानी की सराय। ब्लाक मुख्यालय पर लगी प्रदर्शनी का शुभारंभ भाजपा नेता जयनाथ सिंह ने किया। प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम मे रामहित राजभर, परमेश्वरी दयाल राय, पुनीत कुमार सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
मेले में योजनाओं के लगे स्टॉल
जहानागंज। स्थानीय विकास खंड सभागर में जनकल्याणकारी मेले का शुभारंभ ब्लाक प्रमुख रमेश कन्नौजिय ने किया। मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद ब्लाक प्रमुख ने स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की अनेक योजनाएं गरीब, किसान, महिला, युवा एवं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह, खंड विकास अधिकारी हरिमोहन सिंह, एपीओ संदीप शिवा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन