पारा @ 42, आसमान से बरस रहे अंगारे
Balia News - बलिया, संवाददाता। वैशाख महीने के अंतिम सप्ताह में आसमान से अंगार बरसने लगा

बलिया, संवाददाता। वैशाख महीने के अंतिम सप्ताह में आसमान से अंगार बरसने लगा है। सूर्य के तल्ख तेवर से सुबह नौ बजते ही सड़क और बाजार सुनी पड़ जा रही है, तीखी धूप ने लोगों को सताना शुरू कर दिया है। बुधवार को दिन भर चली तेज हवा और लू की वजह से जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित रहा, लोगों का हलख सुखाने लगे हैं। दोपहर में लोग अपने घरों में कैद रहने को लाचार हैं, वहीं जरूरी काम से आने-जाने वाले चेहरे और सिर को गमछे या अन्य कपड़ों से ढककर निकल रहे हैं। आज अधिकतम तापमान 42 व न्यूनतम 26 डिग्री रिकार्ड किया गया।
मौसम विभाग द्वारा फिलाहल गर्मी से राहत नहीं मिलने की संभावना व्यक्त करने पर अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार ने एडवाजरी जारी की है ताकि लोग अपना बचाव कर सकें।मौसम के तल्खी के बीच गांव से शहर आए लोग सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में काम निपटाने के बाद दोपहरी पेड़ों की छांव में गुजार रहे हैं। इसका नजारा चंद्रशेखर उद्यान और सड़कों के किनारे छायादार पेड़ों के नीचे देखा जा सकता है। उधर, गर्मी से निजात पाने के लिए इन दिनों देशी पेय सत्तू की लस्सी और बेल शर्बत की डिमांड काफी बढ़ गई है। कलक्ट्रेट और कचहरी के आस-पास लगे दर्जनों दुकानों पर लोगों की भीड़ काफी बढ़ है। काफी संख्या में लोग सत्तू की दुकानों पर खुबियां गिनाते हुए इसका स्वाद चख रहे हैं। बिक्री बढ़ने से दुकानदार बेहद खुश हैं। वहीं युवक-युवतियां गर्मी से राहत पाने के लिए ठंडे पेय, गन्ने के रस पीते दिख रहे हैं। स्थिति यह है कि दिन ब दिन तापमान बढ़ता जा रहा है। शाम पांच बजे के बाद धूप और लू सामान्य होने पर बाजार में लोगों की आवग बढ़ रही है, जिससे बाजार रात दस बजे तक गुलजार रहा है। भीषण गर्मी के कारण हरी सब्जी के भाव भी बढ़ने लगे हैं। किसानों का कहना है कि मौसम की तल्खी से गेहूं की मड़ाई के लिए तो बेहतर है। लेकिन सब्जी की रोज सिंचाई करनी पड़ रही है, जिससे लागत बढ़ गई है और उत्पादन घट गया है। बेल्थरारोड हिसं के अनुसार भीषण गर्मी, चिलचिलाती धूप और लू से जनजीवन बेहाल है। दिन चढ़ने के साथ ही तेज धूप और गर्म हवाओं से लोग परेशान हो जा रहे हैं। दोपहर में गर्मी चरम पर रही। इसके चलते लोग घरों से बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं। लिहाजा नगर की सड़कें और गांव की गलियां सुनी पड़ जा रही है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग सत्तू, शीतल जल आदि का सेवन कर रहे हैं। गर्मी में सबसे ज्यादा परेशानी रोज कमाने खाने वालों को हो रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन