ओवरलोड होने से धधक उठे विद्युत ट्रांसफार्मर, गर्मी में बिलबिलाए लोग
Bagpat News - बड़ौत में भीषण गर्मी के कारण ट्रांसफार्मरों पर लोड बढ़ गया है। ओवरलोड के चलते कई ट्रांसफार्मरों से धुआं निकलने और आग लगने की घटनाएं हुईं। विद्युत कटौती से शहर के लगभग 80% हिस्से की बिजली शाम तक बंद रही, जिससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी हुई।

बड़ौत। भीषण गर्मी में ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनों पर लोड बढ़ता जा रहा है। गुरुवार देर रात ओवरलोड के कारण कई स्थानों पर ट्रांसफार्मरों से धुआं निकलता रहा तो कुछ में आग लग गई। विद्युत कटौती की होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। छपरौली रोड, बावली रोड, शाहमल एंक्लेव में रखे ट्रांसफार्मर व लाइनों में आग लगने से आपूर्ति बाधित हो गई। जगह-जगह एबीसी लाइन में आग लगने से फाल्ट के कारण विभिन्न कॉलोनी की विद्युत आपूर्ति घंटों तक ठप रही। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं छपरौली रोड पर पूर्वी यमुना नहर की पुलिया निर्माण के चलते लाइन शिफ्टिंग का काम दो दिनों से हो रहा है।
इस वजह से शुक्रवार को भी फीडर नंबर दो, चार, पांच, छह की विद्युत आपूर्ति पूरे दिन बंद रही।शहर के करीब 80 फ़ीसदी हिस्से की विद्युत आपूर्ति शाम तक बंद रही। इससे उपभोक्ताओं की परेशानी कई गुना बढ़ गई। उपभोक्ताओं का कहना था कि विद्युत उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि गर्मी से पहले ही कर दी गई थी। इसके बावजूद पावर कारपोरेशन के सभी प्रयास और दावे विफल साबित हो गए। अभी तो मई और जून का महीना भी शेष है, ऐसे में आने वाले दिनों में स्थिति और खराब हो सकती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन