महंगे ईंधन की आंच में झुलसेगा घर और बाजार
Bagpat News - दूध और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि से आम परिवारों पर सीधा असर पड़ रहा है। दूध के दाम 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ गए हैं, जिससे चाय, दही और अन्य चीजें महंगी हो सकती हैं। महंगाई खासतौर पर मध्यम वर्ग पर विपरीत प्रभाव डाल रही है, जिससे घरेलू बजट पर बोझ बढ़ गया है।

सबसे पहले दूध कंपनियों ने कीमतों में इजाफा किया। अमूल, मदर डेयरी समेत कई बड़े ब्रांड्स ने दूध के दाम प्रति लीटर 2 रुपये तक बढ़ा दिए हैं। इसका सीधा असर आम परिवारों पर पड़ रहा है। दूध हर घर की जरूरत है और इसकी कीमत बढ़ने से चाय, दही, घी और मिठाई जैसी चीजें भी महंगी हो सकती हैं। दूसरी ओर तेल कंपनियों की ओर से जारी नई कीमतों के बाद कई शहरों में पेट्रोल और डीजल महंगे हो गए हैं। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने का असर सिर्फ वाहन चलाने वालों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका असर हर चीज पर पड़ता है। लोगों का कहना है कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने से ट्रांसपोर्ट का खर्चा बढ़ेगा, जिससे सब्जी, फल, अनाज जैसी रोजमर्रा की चीजें भी महंगी हो जाएंगी। डीजल पर निर्भर ट्रक, बस और ट्रैक्टर प्रभावित होंगे। बढ़ती महंगाई खासतौर पर मध्यम वर्ग और नौकरीपेशा लोगों के लिए यह स्थिति मुश्किल पैदा कर रही है। ट्रांसपोर्ट महंगा होने से सब्जियों, राशन और रोजमर्रा के सामान की कीमतें भी बढ़ सकती हैं। गृहणी दीपा चौहान ने बताया कि घरेलू बजट की बात करें तो प्रतिमाह 25 से 35 हजार रुपये खर्च होने ही हैं। इसमे बिजली बिल, कहीं आना-जाना पड़ जाए, कोई बीमार हो जाये तो वह खर्च अलग से। घर में कोई मेहमान आ जाये तो उसका खर्च अलग जुड़ जाता है। यानी हर माह 40 हजार रुपए तक खर्च हो जाते हैं।
एक मध्यमवर्गीय परिवार का मासिक खर्च एक नजर में:
राशन/किराना: 8000-15000
दूध, फल, सब्ज़ी : 3000-6000
गैस सिलेंडर:1000-1500
बिजली बिल :1500-2500
पानी/मेंटेनेंस:500-2000
मोबाइल,इंटरनेट : 800-2000
बच्चों की पढ़ाई:5000-20000
किराया(यदि किराए पर रहते हो): 5000-15000
यात्रा/पेट्रोल : 2000-8000
दवाई/मेडिकल : 1000-3000
छोटे घरेलू खर्च: 1500-4000
--------
क्या बोले विशेषज्ञ:
बड़ौत। पेट्रोलियम पदार्थों, दूध व अन्य चीजों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों की जेब पर दबाव बना हुआ है। अर्थशास्त्री डॉ आरए गर्ग का कहना है कि इस फैसले का असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ट्रांसपोर्ट, सब्जियों, खाद्य पदार्थों, किराया और रोजमर्रा के सामानों की कीमतों पर भी दिखाई देगा। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का सबसे बड़ा असर आम लोगों पर पड़ेगा। बाइक और कार चलाना महंगा हो गया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए समझाया कि यदि कोई व्यक्ति रोजाना 5 लीटर पेट्रोल का उपयोग करता है, तो उसे महीने में लगभग 450 से 500 रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ सकते हैं। कार मालिकों के लिए यह खर्च और अधिक बढ़ जाएगा।
कोट-
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने इस पूरे साल के लिए महंगाई का औसत अनुमान 4.6 फीसदी लगाया था, लेकिन थोक महंगाई के 8.3 फीसदी पर पहुंचने से आरबीआई का गणित बिगड़ गया है। जब कंपनियों की लागत (थोक भाव) बढ़ती है, तो वे इसका बोझ आम ग्राहकों पर डालती हैं। यदि महंगाई इसी तरह बढ़ती रही, तो आरबीआई को ब्याज दरों (रेपो रेट) में बढ़ोतरी करनी पड़ेगी। वर्तमान में रेपो रेट 5.25 फीसदी है। यदि इसमें बढ़ोतरी होती है, तो आपके होम लोन और पर्सनल लोन की किस्तें (ईएमआई) महंगी हो जाएंगी, जिससे मध्यम वर्ग पर दोहरी मार पड़ेगी। - आशीष जैन, सीए व आर्थिक विशेषज्ञ
पेट्रोल पंपों पर घटी भीड़
एक पेट्रोल पंप मालिक मनोज जैन ने बताया कि दाम बढ़ने के बाद पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों की संख्या कम हो गई है। पहले जहां दिनभर लंबी लाइनें लगी रहती थीं, वहीं अब काफी कम लोग पेट्रोल भरवाने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले ही दिन पेट्रोल-डीजल बिक्री में करीब 50% तक गिरावट देखने को मिल रही है।
क्या बोले ट्रांसपोर्टर:
ट्रांसपोर्टर अरुण कुमार, बिजेंद्र सिंह का कहना है कि डीजल की कीमत बढ़ने का सीधा असर ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर पड़ता है। बस, ट्रक, टैक्सी और ऑटो चालकों की लागत बढ़ेगी, जिसका असर किराए पर देखने को मिल सकता है। यदि जल्द राहत नहीं मिली तो मालभाड़ा बढ़ाना पड़ेगा। यदि ऐसा होता है तो हर जरुरी चीजों के दाम बढ़ जाएंगे। वहीं रिम धुरा उद्योग के कारोबारी प्रमोद जैन का कहना है कि कच्चे माल की ढुलाई का खर्च ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने से अब बढ़ जाएगा। ऐसे में रिम-धुरे के दाम भी बढ़ाने पड़ेंगे और इससे किसान वर्ग भी प्रभावित होगा।
सब्जी और राशन भी हो सकते हैं महंगे:
ईंधन की कीमतें बढ़ने का असर केवल यात्रा तक सीमित नहीं रहता। सब्जियां, फल, दूध और अन्य जरूरी सामान ट्रकों के जरिए शहरों तक पहुंचते हैं। डीजल महंगा होने से परिवहन लागत बढ़ेगी और इसका असर बाजार कीमतों पर दिख सकता है। आने वाले दिनों में महंगाई दर पर भी इसका प्रभाव पड़ सकता है।
छोटे व्यापारियों की बढ़ी चिंता:
दुकानदार संदीप जैन, राजीव गर्ग का कहना है कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने से छोटे व्यापारियों और दुकानदारों की चिंता भी बढ़ गई है। डिलीवरी, माल ढुलाई और बाजार आने-जाने की लागत बढ़ने से छोटे कारोबार प्रभावित हो सकते हैं। ई-कॉमर्स, ऑनलाइन डिलीवरी और लोकल सप्लाई से जुड़े व्यवसायों पर भी अतिरिक्त आर्थिक दबाव बढ़ सकता है।
संवाद:
जंग का असर अब सब पर पड़ रहा है। ऐसे में लोगों को अब अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से वाहन का उपयोग करना होगा। जितना संभव हो, पेट्रोल वाहनों का कम इस्तेमाल कर इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर बढ़ना चाहिए। अब तो सोच समझकर घर से कहीं बाहर जाना पड़ेगा।
- कारोबारी अमित जैन
महंगाई का सबसे ज्यादा असर गरीब आदमी पर पड़ता है। नेताओं को पेट्रोल-डीजल की कीमतों से कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि उनके काफिले वैसे ही चलते रहते हैं। हर दिन किसी न किसी चीज के दाम बढ़ रहे हैं और इसका बोझ आम जनता पर पड़ रहा है। - शहजादी
- शहजादी
पेट्रोल-डीजल के दामों में तीन से चार रुपए की बढ़ोतरी हुई है और चर्चा है कि आने वाले दिनों में कीमतें और बढ़ सकती हैं। इससे आम आदमी की परेशानी और बढ़ेगी। आने जाने का खर्च, घरेलू उत्पाद की चीजों में भी बढ़ोतरी होने से काफी दिक्कतें बढ़ जाएगी। - मास्टर शौकीन
- मास्टर शौकीन
दूध, फल, अंडे व अन्य खाद्य वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। खाने-पीने की चीजों के अलावा रसायनों और विनिर्मित उत्पादों (कारखानों में बनने वाला सामान) की महंगाई दर भी बढ़ी है, जिसका मतलब है कि आने वाले समय में रोजमर्रा की अन्य वस्तुएं भी महंगी हो सकती हैं। - हारून मलिक
- हारून मलिक
ट्रैवल एजेंसियों ने भी बढ़ाए किराए
बड़ौत। पेट्रोलियम पदार्थों पर कीमतों में इजाफा होने के बाद ट्रैवल एजेंसियों को भी अब किराए में बढ़ोतरी करनी पड़ रही है। कुछ ट्रैवल एजेंसियों ने तो एडवांस में बुक हो चुकी गाड़ियों को लेकर भी बढ़ी कीमतों के अनुसार प्रति किलोमीटर के हिसाब से वृद्धि कर दी जाएगी। शिव ट्रैवल एजेंसी संचालक रोहित तोमर ने बताया कि जिन लोगों ने श्रीनगर, बद्रीनाथ, केदारनाथ आदि स्थानों के लिए गाड़ियां बुक की हुई थीं, उन्हें भी बढ़ी कीमतों के हिसाब से किराए में वृद्धि होने की जानकारी शुक्रवार को दे दी गई है ताकि बाद में कोई दिक्कत न हो।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन