विपक्ष ने महिलाओं से किया विश्वासघात : अनिल
Azamgarh News - आजमगढ़ में भाजपा ने जन आक्रोश सम्मेलन का आयोजन किया। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कांग्रेस, सपा, टीएमसी और डीएमके पर आरोप लगाया कि उन्होंने संसद में महत्वपूर्ण विधेयकों के खिलाफ जाकर महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं की नीति निर्माण में भागीदारी को उनका अधिकार बताया।

आजमगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी की तरफ से शुक्रवार को शहर स्थित हरिऔध कला केंद्र में जन आक्रोश सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि 16 और 17 अप्रैल को संसद में महत्वपूर्ण विधेयकों का विरोध कर कांग्रेस, सपा, टीएमसी और डीएमके ने आधी आबादी के साथ विश्वासघात किया है। इन पार्टियों ने अपनी महिला विरोधी मानसिकता को पूरी तरह उजागर कर दिया है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि नीति निर्माण में महिलाओं को भागीदारी देना कोई उपकार नहीं, बल्कि उनका स्वाभाविक अधिकार है।
जिन्होंने इस ऐतिहासिक अवसर में बाधा डाली है, उन्हें आने वाले चुनावों में महिलाओं के कड़े आक्रोश का सामना करना पड़ेगा। सपा जैसे विपक्षी दल धर्म आधारित आरक्षण की असंवैधानिक मांग उठाकर प्रक्रिया को टालने की कोशिश कर रहे हैं। यह तुष्टिकरण और ध्यान भटकाने का एक तकनीकी बहाना मात्र है। भाजपा महिला सशक्तिकरण और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। 16 और 17 अप्रैल को संसद में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, परिसीमन विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक पर हुई चर्चा देश के लोकतांत्रिक भविष्य और महिलाओं की भागीदारी से जुड़ा एक ऐतिहासिक अवसर था। इन दो दिनों में केवल एक विधेयक ही सदन में नहीं गिरा, बल्कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी और डीएमके देश की आधी आबादी की नजरों में हमेशा के लिए गिर गए। इन दलों ने केवल संवैधानिक संशोधन या परिसीमन से जुड़े विधेयकों का विरोध नहीं किया, बल्कि भारत की करोड़ों माताओं, बहनों और बेटियों के साथ विश्वासघात किया है। जब नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाया गया, तब इन विपक्षी दलों ने चुनावों के दबाव में उसका समर्थन किया, लेकिन जब वास्तव में महिलाओं को अधिकार देने का समय आया, तो उनकी महिला-विरोधी सोच खुलकर सामने आ गई। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष नीलम सोनकर जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह, विनोद राजभर, मंजू सरोज, सीता चौहान, संचिता श्री चौहान, वंदना सिंह, विभा बर्नवाल, बबिता जसरासरिया, मिथिलेश पांडेय, अनीता पटेल आदि मौजूद रही।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन