तापमान में उछाल से बढ़ी तपिश, दिन के साथ रातें भी हुई गर्म
Auraiya News - औरैया में अप्रैल के अंतिम सप्ताह में गर्मी ने तेजी से बढ़ना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को तापमान और बढ़ सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। स्वास्थ्य के प्रति सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

औरैया, संवाददाता। जनपद में अप्रैल के अंतिम सप्ताह में गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे दिन में तेज धूप के साथ उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री और न्यूनतम में 3 डिग्री तक बढ़ोतरी के आसार हैं, जिससे रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। तेज धूप और लू जैसे हालात के चलते दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आ रहा है।
जरूरी काम से निकलने वाले लोग सिर पर कपड़ा या छाता लगाकर ही बाहर निकल रहे हैं। बाजारों में भी दोपहर के समय भीड़ कम हो रही है, जबकि सुबह और शाम के समय ही लोगों की आवाजाही बढ़ रही है। शहर के सुभाष चौक निवासी दुकानदार राजीव गुप्ता ने बताया कि दोपहर में ग्राहक बिल्कुल नहीं आ रहे हैं, जिससे कारोबार पर असर पड़ रहा है। गर्मी इतनी तेज है कि लोग घर से निकलने से बच रहे हैं। वहीं ऑटो चालक इरफान का कहना है कि दोपहर में सवारी कम मिल रही है और तेज गर्मी में काम करना मुश्किल हो गया है। मेडिकल कालेज के सीएमएस डा. पवन शर्मा ने बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ ही डिहाइड्रेशन, चक्कर और सिरदर्द के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। उन्होंने लोगों को दोपहर 12 से 3 बजे के बीच अनावश्यक बाहर न निकलने, अधिक पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी गर्मी का असर साफ देखा जा रहा है। किसान रामस्वरूप ने बताया कि खेतों में काम करना मुश्किल हो गया है और सुबह-शाम ही काम करना पड़ रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच गर्मी का असर बरकरार रहेगा। दिन के साथ-साथ रात में भी गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं। ऐसे में स्वास्थ्य के प्रति सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन