मुहर्रम पर नई परंपरा नहीं होगी स्वीकार, सौहार्द बिगाड़ने वालों पर रहेगी नजर
Auraiya News - आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण रूप से मनाने के लिए कलेक्ट्रेट में पीस कमेटी की बैठक हुई। जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने सभी समुदायों से अपील की कि वे पूर्व निर्धारित परंपराओं का पालन करें और जुलूसों की निगरानी के लिए विशेष व्यवस्था करें। उन्होंने ध्वनि स्तर नियंत्रित रखने तथा मूलभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न समुदायों के धर्मगुरु, ताजियादार और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू न की जाए तथा सभी आयोजन पूर्व निर्धारित परंपराओं और मार्गों के अनुसार ही संपन्न किए जाएं। उन्होंने ताजियादारों से अपील की कि ताजिया जुलूस निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएं और पूर्व निर्धारित स्थलों पर ही ताजिए स्थापित किए जाएं।
इसके लिए आवश्यक अनुमति समय से प्राप्त कर ली जाए। उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर प्रसारित किए जाने वाले कंटेंट का पूर्व अनुमोदन कराया जाए और उसमें किसी प्रकार का बदलाव न किया जाए। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि डीजे संचालकों को नोटिस जारी कर सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार ध्वनि स्तर नियंत्रित रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने नगर पालिका, नगर पंचायतों तथा जिला पंचायत राज विभाग को जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, प्रकाश एवं पेयजल जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। वहीं सभी क्षेत्राधिकारियों को विद्युत एवं वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर जुलूस मार्गों का निरीक्षण करने तथा संभावित अवरोधों को पहले से दूर कराने को कहा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जुलूसों की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जाएगी। साथ ही मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी चिह्नित कर उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने पूर्व की घटनाओं का हवाला देते हुए ताजियों की ऊंचाई सीमित रखने तथा स्वयंसेवकों की सूची प्रशासन को उपलब्ध कराने की भी अपील की। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अविनाश चंद्र मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, विद्युत विभाग के अधिकारी, थानाध्यक्ष एवं विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन