धनबाद में भीषण गर्मी, 43 डिग्री तक पहुंचा पारा
धनबाद में हीट वेव का असर बढ़ता जा रहा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में लू चलने की संभावना है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतें और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ लें।

धनबाद में हीट वेव का असर लगातार तेज होता जा रहा है और सोमवार का दिन अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस है। सुबह से ही तेज धूप लोगों को परेशान किया और दोपहर तक गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई। जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि आने वाले दिनों में दिनभर तेज धूप के साथ गर्म हवाएं यानी लू चलेंगी। खासकर दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच हालात ज्यादा गंभीर हो सकते हैं।
इस दौरान बाहर निकलना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। लोगों को सलाह दी गई है कि बेहद जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें और सिर को ढककर रखें।साथ ही विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए बताया कि इस भीषण गर्मी में हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, चक्कर आना और थकान जैसी समस्याओं का खतरा काफी बढ़ जाता है। शरीर में पानी की कमी होने पर स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। इसलिए लोगों को दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी, नींबू पानी, छाछ और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है।बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह मौसम ज्यादा खतरनाक माना जा रहा है। डॉक्टरों ने उन्हें विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। घर के अंदर ठंडे और हवादार स्थान पर रहने, हल्के और सूती कपड़े पहनने तथा धूप से बचने की जरूरत बताई गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन