Heat Wave in Auraiya Temperature Hits 41 C Health Department Issues Alert हीट वेव से निपटने को मेडिकल कॉलेज में अलग वार्ड तैयार, Auraiya Hindi News - Hindustan
More

हीट वेव से निपटने को मेडिकल कॉलेज में अलग वार्ड तैयार

Auraiya News - औरैया में गर्मी का प्रकोप बढ़ने लगा है, मंगलवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। मेडिकल कॉलेज में हीट वेव प्रभावित मरीजों के लिए अलग वार्ड बनाया गया है। लोगों को सलाह दी गई है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर से बाहर न निकलें।

Tue, 21 April 2026 05:35 PMNewswrap हिन्दुस्तान, औरैया
share
हीट वेव से निपटने को मेडिकल कॉलेज में अलग वार्ड तैयार

औरैया, संवाददाता। जिले में गर्मी ने अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से निकल रहे हैं। लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेडिकल कॉलेज में हीट वेव से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए अलग वार्ड बनाया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पारा 41 डिग्री चढ़ा, सुनसान हुई सड़कें

इस वार्ड में मरीजों को ठंडा वातावरण, पर्याप्त पानी, ओआरएस और जरूरी दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। डॉक्टरों की विशेष टीम भी तैनात की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत उपचार मिल सके।मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. पवन शर्मा ने बताया कि हीट वेव के दौरान लू लगने, डिहाइड्रेशन और चक्कर आने जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ती हैं। ऐसे मरीजों को तुरंत अस्पताल लाना जरूरी होता है। उन्होंने बताया कि नए वार्ड में कूलिंग सिस्टम, पंखे और आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था की गई है। वहीं, शहर निवासी रमेश यादव ने बताया कि दोपहर के समय गर्मी इतनी अधिक हो जाती है कि बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। दुकानदार राजू गुप्ता ने कहा कि दोपहर में ग्राहक काफी कम आ रहे हैं, जिससे कारोबार पर असर पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्र के निवासी शिवपाल सिंह ने बताया कि खेतों में काम करने में भी परेशानी हो रही है और लोग सुबह-शाम ही काम निपटा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर से बाहर न निकलें। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो सिर को ढककर रखें और पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की भी अपील की गई है। जिला प्रशासन ने भी सभी अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट पर रखा है। एंबुलेंस सेवाओं को सक्रिय किया गया है ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके। लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। ऐसे में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों के साथ-साथ लोगों को भी सावधानी बरतने की जरूरत है, ताकि हीट वेव के प्रभाव से बचा जा सके।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:41 डिग्री सेल्सियस पहुंचा पारा, लू ने झुलसाया
read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हीट स्ट्रोक वाले मरीजों का मेडिकल कॉलेज में आठ बेड के वार्ड पर होगा इलाज

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।