41 डिग्री तक चढ़ा पाकुड़ का पारा, सुनसान हुई सड़कें
पाकुड़ जिले में भीषण गर्मी से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मंगलवार को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। लोग गर्मी से बचने के लिए छाता और गमछा का उपयोग कर रहे हैं। स्वास्थ्य अधिकारी ने पानी पीने और धूप से बचने की सलाह दी है। कई लोग गन्ने का जूस और आइसक्रीम का सेवन कर रहे हैं।

पाकुड़, हिटी। जिले भर में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिससे लोगों को खासा परेशानियों का सामना करना पड़ा। तेज धूप और लू के थपेड़ों से बचने के लिए लोग छाता, गमछा और अन्य उपाय अपनाते नजर आए। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग केवल जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकले। गर्मी के असर से बाजारों में भी भीड़ कम रही। इधर बढ़ती गर्मी के बीच कोल्ड ड्रिंक, आइसक्रीम और गन्ने के जूस की मांग में अचानक इजाफा हुआ है।
जिससे दुकानदारों के चेहरे खिल उठे हैं। मंगलवार की दोपहर में महेशपुर प्रखंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप महिला व पुरुषों को गन्ने का रस पीते देखा गया। चिलचिलाती धूप की वजह से जल जलस्तर नीचे चला गया है। पोखर, तालाब, डोभा, कुएं आदि भी सुखने लगे हैं। प्रखंड के दूर-दराज इलाकों में जो लोग अपने दैनिक जीवन यापन के लिए खुले में काम करते हैं, जैसे खेतों में मजदूरी करने वाले, निर्माण कार्य में लगे श्रमिक और दिहाड़ी मजदूर, उनके लिए यह गर्मी और भी ज्यादा कठिन साबित हो रही है। तेज धूप में लंबे समय तक काम करने के कारण उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और लू लगने का खतरा लगातार बना हुआ है। चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह व चिकित्सक डॉ. मंजर आलम ने बताया कि इस मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी खतरनाक साबित हो सकती है। उन्होंने लोगों को अधिक मात्रा में पानी पीने, घर से बाहर निकलते समय सिर ढकने, हल्के एवं सूती कपड़े पहनने तथा दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी है। साथ ही ओआरएस, नींबू पानी और छाछ जैसे तरल पदार्थों का सेवन करने को भी कहा है। हल्के व ढीले कपड़े पहनने की सलाह दी। उन्होंने चेतावनी दी कि लू से बचाव के प्रति लापरवाही स्वास्थ्य के लिए गंभीर साबित हो सकती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन