देवकली मंदिर में भाजपाइयों ने किया जलाभिषेक, प्रधानमंत्री की दीर्घायु की कामना
Auraiya News - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने देवकली मंदिर में पूजा अर्चना की। जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने मोदी के नेतृत्व में देश की उपलब्धियों को बताया और सभी मंडलों में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए प्रार्थना की।

औरैया, संवाददाता। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने देवकली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने किया। भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन तथा राष्ट्रसेवा के सफल एवं यशस्वी कार्यकाल की प्रार्थना की। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।जिलाध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने देश को नई दिशा देने का कार्य किया है। आर्थिक, सामरिक और तकनीकी क्षेत्रों में भारत की उपलब्धियां विश्व पटल पर दिखाई दे रही हैं। उन्होंने कहा कि लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनकर मोदी ने भारतीय लोकतंत्र में नया अध्याय जोड़ा है और वे स्वतंत्र भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने बताया कि जिले के सभी मंडलों में कार्यकर्ताओं द्वारा पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की गई। साथ ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम में जिला महामंत्री यशवीर सिकरवार, सौरभ भूषण शर्मा, शिव सिंह भारती, योगेंद्र कैथवार, मोनू सेंगर, राहुल गुप्ता, मनीष कठेरिया, प्रतीक सिंह, सोनू सोनी, आदर्श पांडेय, आशीष कठेरिया, विशाल परिहार, कपिल गुप्ता, कन्हैया कठेरिया, सौरभ राजपूत, अभिषेक त्रिपाठी, जिला मीडिया प्रभारी भूरे चौबे समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन