यूपी में पकड़े संदिग्ध आतंकी के परिजनों से पूछताछ, पाक गैंगस्टर भट्टी के संपर्क में था मोहम्मद शेख
यूपी के आजमगढ़ पहुंची एटीएस ने संदिग्ध आतंकी के परिजनों से पूछताछ की। शुक्रवार को आजमगढ़ पुलिस लाइन में आरोपी मो. शेख को लेकर पहुंची लखनऊ एटीएस की टीम ने मो. शेख की मौजूदगी में छह स्थानों पर छानबीन भी की। आजमगढ़ का मो. शेख पाकिस्तानी गैंगस्टर भट्टी से संपर्क रखने में पकड़ा गया था।

आईएसआई और पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से संपर्क रखने के आरोप में गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी मो. शेख को लेकर लखनऊ एटीएस की टीम शुक्रवार को आजमगढ़ पहुंची। शेख के परिजनों से करीब 35 मिनट तक एटीएस ने पूछताछ की। इसके अलावा शेख की मौजूदगी में छह स्थानों पर जांच-पड़ताल की गई। जानकारी के अनुसार लखनऊ से चार वाहनों में एक महिला अधिकारी समेत एटीएस के सात सदस्य शुक्रवार दोपहर पुलिस लाइन पहुंचे। एटीएस के साथ आजमगढ़ से गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी मो. शेख भी था।
निजामाबाद थाना क्षेत्र के खुदादादपुर स्थित मो. शेख के घर पर अपराह्न करीब 3:45 बजे एटीएस की टीम पहुंची। अधिकारी शेख को सीधे घर के भीतर ले गए। घर के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात थे और लोगों के आने-जाने पर रोक लगा दी गई थी। एटीएस के दो कमांडो घर के बाहर निगरानी कर रहे थे। एटीएस ने मो. शेख की मौजूदगी में उसके पिता और बड़े भाई से एटीएस ने करीब 35 मिनट तक पूछताछ की।
इसके बाद घर से मिला उसका मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया तथा पूरे घर की तलाशी ली। टीम ने आतंकवाद से संबंधित पुराने रिकॉर्ड भी खंगाले। साथ ही संभावित नए आतंकी कनेक्शनों की भी जांच की। घर के बाद टीम उसे लेकर सरायमीर और निजामाबाद थाना क्षेत्रों के पांच अन्य स्थानों पर भी जांच के लिए गई। इस दौरान सरायमीर बाजार में भी छानबीन की गई।
एसएसपी, डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि एटीएस ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई और पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से संपर्क रखने के आरोप में गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी मो. शेख को न्यायालय से पांच दिनों की रिमांड पर लिया है। टीम उसे साथ लेकर साक्ष्य जुटाने और पाकिस्तान से जुड़े कनेक्शनों की जांच के लिए आजमगढ़ आई थी।
फर्जी एक्सचेंज लगा चलाने का आरोप
एटीएस की गिरफ्त में आए मो. शेख को पुलिस ने 2024 में फर्जी एक्सचेंज चलाने के आरोप में पकड़ा था। वह विदेश में रह रहे लोगों को कांफ्रेंस कराकर बात कराता था। मों शेख सात भाई और चार बहनों में दूसरे नंबर पर है।
खुदादादपुर में जांच के समय पसरा सन्नाटा
मो. शेख के साथ एटीएस की टीम के पहुंचने पर खुदादादपुर बाजार और गांव में सन्नाटा पसरा रहा। परिवार और गांव का कोई भी व्यक्ति इस संबंध में कुछ बोलने के लिए तैयार नहीं था। मो. शेख पर लगे आरोपों पर लोगों को विश्वास नहीं हो पा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना था कि मो. शेख की गतिविधि ऐसी नहीं थी कि संदेश किया जाए।
असलहा खरीद की भी हो रही है जांच
लखनऊ। एटीएस की टीम ने असलहा खरीद की भी जांच की। आशंका है कि मोहम्मद शेख ने 99 एमएम पिस्टल और कारतूस आजमगढ़ से ही खरीदा था। पिस्टल मुहैया कराने वाले तस्कर के बारे में पता लगाने के लिए मो. शेख को रिमांड पर लेकर एटीएस टीम आजमगढ़ पहुंची है।
मो. शेख की मौजूदगी में छह स्थानों पर छानबीन
संदिग्ध आतंकी मो. शेख को लेकर शुक्रवार को आजमगढ़ पहुंची एटीएस टीम ने छह से अधिक स्थानों पर छानबीन की। उसके स्थानीय कनेक्शनों के बारे में जानकारी जुटाती रही। सरायमीर और संजरपुर बाजार में भी जांच की गई। एटीएस की टीम मो. शेख के घर से निकल कर अपराह्न करीब 4.20 बजे उसकी बिल्डिंग मैटेरियरल की दुकान पर पहुंची। आसपास के लोगों से पूछताछ की।
4.30 बजे मो. शेख को लेकर टीम गंभीरपुर थाना क्षेत्र के खिल्लूपुर गांव में स्थित शांति हाईस्कूल के पास पहुंची। स्कूल से करीब पांच सौ मीटर पीछे काफी देर तक मो. शेख को साथ लेकर एटीएस के अधिकारी जांच करते रहे। किसी को भी वहां जाने नहीं दिया गया। छानबीन की वीडियोग्राफी कराई जाती रही। शाम करीब 5.05 बजे खिल्लूपुर से टीम रवाना हुई। इसके बाद फरिहा बाजार के पास स्थित एक पेट्रोलपंप के पास रुककर जांच की। मो. शेख के साथ एटीएस ने संजरपुर और सरायमीर बााजर में काफी देर तक छानबीन की। शाम करीब 6.20 बजे टीम सरायमीर से आजमगढ़ की ओर रवाना हुई।




साइन इन