यूपी से हो रही थी नाबालिग लड़कियों की तस्करी, रंग-रूप और लंबाई के हिसाब से तय होते थे रेट
उत्तर प्रदेश से नाबालिग लड़कियों की तस्करी हो रही थी। राजस्थान के कोटा से ऑपरेट करने वाला एक गिरोह रंग रूप और हाईट के हिसाब से लड़कियों के रेट तय करता था। लड़कियां पसंद आने पर डेढ़ से दो लाख रुपये में सोनम, प्रिया से सौदा तय करती थी। इसके बाद लड़कियों को यहां से भेजा जाता था।

UP News : उत्तर प्रदेश के नाबालिग लड़कियों की तस्करी हो रही थी। राजस्थान के कोटा का एक गिरोह लड़कियों के रंग-रूप और लंबाई के हिसाब से उनके रेट तय करता था। तस्करी के मामले में जेल भेजी गई रायबरेली के मिल एरिया की प्रिया गिरोह की सरगना सोनम और उसके पति को मोबाइल पर पहले लड़कियों की फोटो भेजती थी। उसके बाद वह रेट तय करते थे।
लड़कियां पसंद आने पर डेढ़ से दो लाख रुपये में सोनम, प्रिया से सौदा तय करती थी। इसके बाद लड़कियों को यहां से भेजा जाता था। वहां लड़कियों के पहुंचने पर सोनम उन्हें पांच से सात लाख रुपये में बेचती थी। सोनम राजस्थान के कोटा जनपद में बम्बौरी में रहती है। यह सनसनीखेज खुलासा मोहनलालगंज पुलिस की तफ्तीश में हुआ। तस्करी से जुड़े इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने प्रिया उसके लिवइन पार्टनर समेत तीन को जेल भेजा है। मोहनलालगंज पुलिस की तफ्तीश में पता चला है कि प्रिया रायबरेली, सुल्तानपुर और लखनऊ से जुड़ी नट बिरादरी के अलावा गरीब और भीख मांगने वाले परिवार की लड़कियों को टारगेट करते थे।
इसके अलावा जिन लड़कियों के माता-पिता नहीं होते थे वह भी उनके निशाने पर रहती थी। प्रिया ने रायबरेली के मिल एरिया से तीनों जिलों के ग्रामीण इलाकों में अपना नेटवर्क फैला रखा था। गिरोह 10 से 12 लड़कियों की खरीद फरोख्त कर चुका है। मोहनलालगंज के गनियार की रहने वाली किशोरियों की बरामदगी के बाद पुलिस टीम अब अन्य के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि लड़कियों को मुख्य रूप से यह लोग शादी के लिए खरीद फरोख्त करते थे। अन्य बिंदुओं पर भी पुलिस जांच कर रही है। प्रिया के मोबाइल से पुलिस को गिरोह के संबंध में कई अहम जानकारियां मिली हैं। उसके आधार पर पुलिस गिरोह का नेटवर्क खंगाल रही है। एसीपी मोहनलालगंज ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम कोटा भेजी गई है। गिरोह की सरगना समेत अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
कोटा से सरगना सोनम चलाती है पूरा नेटवर्क
इंस्पेक्टर मोहनलालगंज ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गिरोह की सरगना सोनम मूल रूप से बिहार की रहने वाली है। वह पति भूपेंद्र के साथ मिलकरक कोटा से पूरा नेटवर्क चलाती है। गिरोह का नेटवर्क यूपी के अलावा बिहार, राजस्थान और पंजाब तक फैला हुआ है। पुलिस को गिरोह के बारे में कई अहम जानकारियां मिली हैं। इसके बाद से पुलिस अन्य लोगों के बारे में जानकारियां जुटा रही है। जल्द ही अन्य आरोपी भी गिरफ्त में होंगे।
पुलिस टीम राजस्थान के लिए रवाना
गनियार में नानी के पास रहने वाली नाबालिग बहनों को रायबरेली में रहने वाली रिश्तेदार शादी के लिए बेचने राजस्थान लेकर चली गई थी। राजस्थान में दोनों बहनों को बेचा जाता। उसके पहले लड़कियों की नानी ने मोहनलालगंज कोतवाली में रिश्तेदार आरोपी युवतियों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज करवा दिया था। पुलिस आरोपियों के घर रायबरेली पहुंच गई और कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। फंसता देख आरोपी ने दोनों बहनों को 18 मई को उनके घर के पास छोड़ गई थी। पुलिस ने गुरुवार को रिश्तेदार प्रिया पटेल उर्फ शीला, सहेली, प्रेमी अनुराग यादव व दोस्त अख्तर को जेल भेज दिया था। पुलिस टीम सोनम व उसके पति भूपेन्द्र चौधरी की गिरफ्तारी के लिए कोटा रवाना हो चुकी है।
पुलिस के मुताबिक लड़कियां अगर शादी के लिए मना करती थी तो गिरोह की सरगना और उसका पति उन्हें पीटता, प्रताड़ित करता था। यह जानकारी रायबरेली की एक 16 वर्षीय किशोरी ने दी। कुछ दिन पहले यह लोग उसे भी यहां से लेकर गए थे। कोटा में सोनम के हाथ बेचा था। सोमन ने उसकी शादी कराई। पति नशेबाज था। वह बहुत पीटता और प्रताड़ित करता था। एक दिन पति को उसने रात में खूब शराब पिलाई, जब वह नशे में हो गया तो भाई आई।




साइन इन