आधी रात प्रेमिका के घर पहुंचा युवक, भीड़ ने पकड़कर पीटा; पैरों पर नाक रगड़वाई
बाराबंकी में प्रेमिका की शादी के दिन आधी रात उसके घर पहुंचे युवक पर छोटे भाई की नजर पड़ गई। तुरंत भीड़ ने युवक को दबोच लिया और जमकर उसकी पिटाई कर दी। उधर किसी तरह छूटे युवक ने तहरीर देकर अमानवीय बर्ताव करने का भी आरोप लगाया है।

UP News: यूपी के बाराबंकी में एक चौंकाने वाला मामला सामने आ गया है। जहां प्रेमिका की शादी के दिन आधी रात उसके घर पहुंचे युवक पर छोटे भाई की नजर पड़ गई। तुरंत भीड़ ने युवक को दबोच लिया और जमकर उसकी पिटाई कर दी। उधर किसी तरह छूटे युवक ने तहरीर देकर अमानवीय बर्ताव करने का भी आरोप लगाया है। आरोप है कि प्रेमी युवक को युवती के घरवालों ने पीटने के बाद पैरों पर नाक भी रगड़वाई। तहरीर पर मुकदमा तो दर्ज है लेकिन पुलिस अन्य आरोपों से इंकार कर रही है।
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में 26 अप्रैल को एक गांव में युवती की शादी हो रही थी। आधी रात के बाद वाजिदपुर गांव का रहने वाला शिवा युवती के गांव पहुंच गया। युवती के छोटे भाई ने उसे देख लिया और अन्य लोगों को एकत्र कर शिवा को पकड़ा और लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि उसे नग्न कर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया। चेहरे पर पेशाब करने का भी आरोप लगाया है। आरोपियों ने अपने पैरों में उसकी नाक रगड़वाई। कहीं शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर उसे जाने दिया गया।
उधर दूसरे दिन शिवा रावत ने परिजनों संग थाने पहुंचकर तहरीर दी। शिवा ने यह सफाई दी कि घटना की रात वह बारात से लौट रहा था। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। थानाध्यक्ष दुर्गाशंकर शुक्ल का कहना है कि प्रेम प्रसंग का मामला है। शिवा युवती के गांव गया था, जब उसकी शादी थी। उसकी पिटाई तो हुई पर अमानवीय बर्ताव के आरोप गलत हैं। मामले की जांच की जा रही है।
हल्दी की रस्म के बीच दुल्हन फरार
उधर, संभल के एक गांव में शादी की खुशियां उस समय गहरे सदमे में बदल गईं, जब हल्दी की रस्म के दौरान दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। बुधवार को बारात आनी थी, लेकिन उससे पहले ही इस घटना ने पूरे परिवार और गांव में हड़कंप मचा दिया।
युवती की शादी की तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही थीं। रविवार 26 तारीख को घर में हल्दी की रस्म हो रही थी और परिजन मंगल गीत गाकर खुशी मना रहे थे। इसी दौरान रात करीब आठ बजे युवती मौका पाकर घर में रखी नकदी और कीमती जेवर समेटकर गांव के ही एक युवक के साथ फरार हो गई। काफी देर तक जब युवती नजर नहीं आई तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पता चला कि वह गांव के ही अपने प्रेमी के साथ चली गई है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने युवती की मां की शिकायत के आधार पर नामजद युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और दोनों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही दोनों को बरामद कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन