Severe Heatwave in Ambedkarnagar Causes Health Issues and Power Supply Disruptions धूप की तपिश ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें, बाजारों व सड़कों पर पसरा सन्नाटा, Ambedkar-nagar Hindi News - Hindustan
More

धूप की तपिश ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें, बाजारों व सड़कों पर पसरा सन्नाटा

Ambedkar-nagar News - अम्बेडकरनगर में गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है। तेज गर्म हवाओं के कारण लू से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे बिजली आपूर्ति में भी दिक्कतें आ रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में कई ट्रांसफार्मर खराब हो गए हैं, जिससे बिजली की कटौती हो रही है।

Wed, 22 April 2026 06:29 PMNewswrap हिन्दुस्तान, अंबेडकर नगर
share
धूप की तपिश ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें, बाजारों व सड़कों पर पसरा सन्नाटा
अम्बेडकरनगर, संवाददाता। जिले में गर्मी की तपिश से लोगों को बेहाल कर रखा है। तेज गर्म हवाओं के थपेड़ों ने एक तरफ जहां लोगों की समस्याएं बढ़ा दी है तो वहीं लू से बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। बीते एक सप्ताह में तापमान में तेजी से वृद्धि दर्ज की गई है। इसी का असर है कि सुबह नौ बजे के बाद ही तेज हवाओं के साथ धूप का कहर लोगों को छांव में जाने को विवश कर दे रहा है। दूसरी तरफ गर्मी का असर बिजली आपूर्ति पर भी साफ तौर पर दिख रही है। शहरों में तो स्थिति ठीक है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के आने जाने का दौर लगा रहता है। दिन के समय बिजली कटने से लोगों को पसीने से तर बतर होना पड़ता है। कुछ स्थानों पर ओवरलोड चल रहे ट्रांसफार्मर जवाब दे जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में कई बार समय से ट्रांसफार्मर भी नहीं बदले जाते हैं जिससे समस्या और बढ़ जाती है। गर्मी बढ़ने से पेयजल व्यवस्था भी कई स्थानों पर ठीक कराने की जरूरत है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग फिलहाल अभी पानी की किल्लत से नहीं जूझ रहे। देशी हैंडपंपों से लोगों को पानी मिल रहा है। हालांकि कई गांवों में इंडिया मार्का हैंडपंप की बदहाली ने राहगीरों की मुश्किलें जरूर बढ़ा दी है। शहरों में पेयजल आपूर्ति के लिए टंकियों की स्थापना की गई, जिससे लगभग सभी स्थानों पर अभी पेयजल सुचारु ही चल रहा है। हालांकि लोगों की मांग है कि गर्मी में पूरे दिन जलापूर्ति की जाए, जिससे पेयजल की दिक्कत न हो। नगर में कुछ स्थानों पर वॉटर कूलर की मरम्मत कराने की जरूरत है। जिससे शीतल पेयजल की दिक्कत न हो। वहीं मौसम की तब्दीली से बीमारियों का भी खतरा बढ़ गया है। पेट संंबंधी बीमारियों से लोग परेशान हो रहे हैं। इलाज के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग जिला अस्पताल व अन्य अस्पतालों में पहुंच रहे हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अप्रैल में दिख रही नौतपा जैसी गर्मी, आगे और बढ़ेगा तापमान
इनसेट की खबरें

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:42.5 डिग्री रहा बुधवार का तापमान, गर्मी से लोग बेहाल
तपिश ने प्रभावित किया लोगों का दिनचर्या

जिले में बुधवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया। इसी का नतीजा रहा है कि सुबह नौ बजे के बाद तपिश से परेशानी बढ़ने लगी। खेत खलिहान में काम कर रहे लोग घरों का रुख करने लगे। दोपहर होते होत सड़कों पर भी सन्नाटा सा पसर गया। बाइक सवार गमछे से मुंह व सिर को ढककर यात्रा करने को मजबूर हुए तो पैदल चलने वाले लोगों ने छाते का सहारा लिया। दुकानों व बाजारों में भी लोगों की संख्या कम रही। बुधवार को हवा की गति 25 किलोमीटर के आसपास रहा। मौसम जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम की तल्खी और बढ़ने की संभावना है। 24 व 25 अप्रैल को तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। पारा 45 तक पहुंचने की उम्मीद है। हवा की गति में भी बढ़ोत्तरी हो सकती है। हालांकि बारिश के आसार अभी कुछ नहीं दिख रहे हैं। बता दें कि पिछले एक सप्ताह में तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। इस बार जिस तेजी से तापमान बढ़ा है, उससे लोगों की मुश्किलें काफी बढ़ी हैं। अभी मई व जून का महीना शेष ही है। कुल मिलाकर आने वाले दिनों में गर्मी लोगों को काफी ज्यादा तंग करने वाली है।

पिछले एक सप्ताह का चार्ट

दिनांक अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान

16 अप्रैल 39 डिग्री 23 डिग्री

17 अप्रैल 40 डिग्री 23 डिग्री

18 अप्रैल 39 डिग्री 22 डिग्री

19 अप्रैल 41 डिग्री 24 डिग्री

20 अप्रैल 40 डिग्री 22 डिग्री

21 अप्रैल 42 डिग्री 23 डिग्री

22 अप्रैल 42 डिग्री 23 डिग्री

गर्मी के बीच बिजली का लुकाछिपी का खेल जारी

एक तरफ जहां तपिश ने आम लोगों की समस्याओं को बढ़ा दिया है तो वहीं बिजली ने भी लुकाछिपी का खेल शुरू कर दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली का रोस्टर वैसे तो 18 घंटे निर्धारित है, लेकिन इन दिनों 10 से 12 घंटे की ही आपूर्ति हो पा रही है। बीते एक सप्ताह में जिले में डेढ़ दर्जन ट्रांसफार्मर जवाब दे गए हैं। ऐसे में बिजली आपूर्ति बाधित होने से बड़ी संख्या में उपभोक्ता प्रभावित हुए। हालांकि लगभग सभी जगह ट्रंासफार्मर बदले भी जा चुके हैं। ग्रामीण मनोज, अखिलेश व रामबरन का कहना है कि आने वाले दो माह में गर्मी और तेज होगी। ऐसे में बिजली आपूर्ति व्यवस्था और बेपटरी हो सकती है। जिससे लोगों की परेशानी बढ़ेगी। वहीं शहरी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की स्थिति इन दिनों ठीक है। हालांकि लटकते केबल से खतरे की आशंका बनी रहती है। सुचारु बिजली आपूर्ति के लिए पिछले दिनों बिजली विभाग ने पेड़ों की डालियों को भी छटवाया है। जिससे आपूर्ति व्यवस्था सुधरी है। बिजली आपूर्ति को लेकर हंगामा या प्रदर्शन जैसी कोई स्थिति देखने को नहीं मिली है। यह जरूर है कि स्मार्ट मीटर की गड़बड़ी दूर करने को लेकर लोगों ने आवाज जरूर उठाया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:भीषण लू चलने से घर से निकलना मुश्किल

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।