डीजल-पेट्रोल की बढ़ी कीमतों का 35 लाख की आबादी पर आएगा असर
Aligarh News - डीजल-पेट्रोल की कीमतें बढ़ने से धधकेगी मंहगाई, अब यात्रा से लेकर खाद्य सामग्री तक के दाम में भारी इजाफे की संभावना जताई

अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। अमेरिका, ईरान व इजरायल के बीच छिड़ी जंग के कारण मंहगाई की मार झेल रहे नागरिकों पर अब डीजल व पेट्रोल की कीमतों में इजाफे ने और मुश्किल खड़ी कर दी है। डीजल, पेट्रोल की कीमतों में 3.1 रुपये व 2.85 रुपये तक इजाफा हुआ है। पेट्रोल शतक लगाने की ओर बढ़ रहा है। डीजल पेट्रोल की कीमतो में इजाफा से आम से खास तक पर इसका असर पड़ेगा। खाद्य पदार्थों से लेकर बाजार में बिकने वाली दैनिक वस्तुओं के रेट में इजाफा होगा। इसका सीधा असर आम व्यक्ति की रसोई पर पड़ेगा। दूध, घी, तेल व रिफाइंड पहले ही मंहगा हो चुका है। अब डीजल पेट्रोल की कीमतों में इजाफा होने से मंहगाई की दूसरी डोज झेलनी होगी। पहली डोज बिना डीजल पेट्रोल व सीएनजी की कीमतों में इजाफे के ही लोग झेल रहे हैं।
पेट्रोलियम कंपनियों द्वारा मूल्य वृद्धि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभी चार दिन पहले ही सोना कम खरीदने व डीजल पेट्रोल की बचत करने की देशवासियों से अपील की थी। इसको लेकर कयासबाजी तेजी से लगाई जा रही थी कि पेट्रोलियम पदार्थों के रेटों में इजाफा होगा। गुरुवार की रात को पेट्रोलियम कंपनियों ने डीजल पर 3.1 रुपये, पेट्रोल पर 2.85 रुपये प्रति लीटर का इजाफा कर दिया। सीएनजी की कीमतों में इजाफा नहीं हुआ है, लेकिन उसमें भी बढ़ोत्तरी के आसार हैं। ट्रांसपोर्ट पर ही सभी वस्तुओं का रेट घटना बढ़ना तय है। इसका सीधा असर आम व्यक्ति के दिनचर्या व जीवन पर पड़ेगा। ब्रांडेड कंपनियों ने दूध की कीमतों में 2 रुपये तो लोकल डेयरी वालों ने 4 रुपये का इजाफा किया था। ऐसे में डीजल पेट्रोल की कीमतों में इजाफा होने से सब्जी, फल, आटा, दाल, चावल, मसाले, तेल, साबुन, सौंदर्य प्रसाधन, इलेक्ट्रानिक आइटम, रेडीमेड कपड़ा, फुटवियर, फर्नीचर, ऑटोमोबाइल पार्टस, डोर फिटिंग के आइटम, घर बनाने की निर्माण सामग्री समेत अन्य की कीमतों में इजाफा होगा।
निजी वाहन वालों पर प्रभाव
डीजल पेट्रोल की कीमतों का असर वाहन स्वामियों पर पड़ेगा। वाहनों में डीजल पेट्रोल भरवाने वालों का अब तीन से चार सौ रुपये का अतिरिक्त भार पड़ेगा। एक बार में 30 लीटर डीजल भरवाने वाले वाहन स्वामी को 100 रुपये अतिरिक्त खर्च करने होंगे। इसी तरह से ऑटो, बस व रोडवेज का सफर भी मंहगा हो सकता है। टैक्सी संचालक भी किराए में इजाफे के लिए तैयार बैठे हैं। किलोमीटर की दरों में इजाफा करेंगे। टैक्सी का अधिकतम किराया 15 से 16 रुपये प्रति किलोमीटर पहुंच जाएगा। डीजल की कीमतें हर व्यक्ति की जेब को ढीली करेगी।
स्कूली वैन व बस पर प्रभाव
डीजल पेट्रोल की कीमतों में इजाफे का असर अभिभावकों की जेब पर भी पड़ेगा। स्कूली बच्चों को भेजने के लिए लगाई गई बस व वैन के किराए में भी इजाफा हो जाएगा। स्कूल संचालक पहले ही 10 से 12 फीसदी का इजाफा फीस में कर चुके हैं। अभिभावकों पर दोहरी मार पड़ी है। स्कूल ड्रेस, कोर्स, बैग का भार झेला। उसके बाद फीस बढ़ोत्तरी, दूध बढ़ोत्तरी और अब डीजल पेट्रोल के रेट में इजाफे का दंश अभिभावक झेलेंगे। मंहगाई की सबसे अधिक मार स्कूली बच्चों के अभिभावक झेल रहे हैं।
व्यापारियों पर प्रभाव
पेट्रोलियम पदार्थ से प्रत्येक व्यक्ति का जुड़ाव है। कीमतों में इजाफा होने से कारोबार से लेकर लोगों के दैनिक जीवन पर असर आएगा। डिलिवरी करने वाले व्यवसाय से जुड़े कारोबारियों ने अभी दरें नहीं बढ़ाई हैं, लेकिन लागत बढ़ने पर दरों में इजाफा होगा। अश्वनी पंडित, कारोबारी
मंहगाई की मार जनता काफी पहले से ही झेल रही है। पहले दूध के रेट बढ़े, किताबों के दाम बढ़े, स्कूलों की फीस बढ़ी और पेट्रोल डीजल के रेट बढ़ने से बाकी चीजों में मंहगाई आएगी। आम व्यक्ति का मंहगाई से लड़ाई लड़ पाना मुश्किल हो गया है। मुकेश कुमार, रामबाग कालोनी।
अमेरिका, ईरान, इजरायल के बीच चल रहे युद्ध के कारण पहले ही मंहगाई का प्रभाव था। अधिकांश वस्तुओं के रेट बढ़ गए थे। अब घर को चलाना और मंहगा हो जाएगा। एक सामान्य परिवार का भी खर्चा एक से दो हजार रुपये बढ़ जाएगा। गैस सिलेंडर के दाम पहले ही बढ़ गए थे। चंचल गौड़, गृहणी
घर के साथ रसोई को चलाना मुश्किल हो गया है। आए दिन खाद्य पदार्थों से लेकर दैनिक उपभोग की वस्तुओं के रेट बढ़ रहे हैं। दूध, तेल, घी, रिफाइंड, गैस व बच्चों के स्कूल की फीस पहले ही बढ़ चुकी है। अब पेट्रोलियम पदार्थों में इजाफा होने से दूसरे सेक्टर की वस्तुओं के दाम बढ़ेंगे। सारिका गुप्ता, गृहणी
मंहगाई पर नियंत्रण किया जाना आवश्यक है। जनता पर लगातार मंहगाई का बोझ पड़ रहा है। रसोई के लिए दुकान पर जाने वाली राशन में सामान तो कम हो रहे हैं, लेकिन रेट अधिक हो रहे हैं। पहले ही आवश्यक वस्तुओं के रेट बढ़ चुके हैं। अब डीजल पेट्रोल मंहगा होने से और मंहगाई बढ़ेगी। प्रभा सिंह, गृहणी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन