आखिरी 9 महीनों में ये मंत्री क्या कर लेंगे? योगी कैबिनेट विस्तार पर अखिलेश का तंज, पूछे 12 सवाल
योगी 2.0 का आज दूसरा कैबिनेट विस्तार है। 6 नए मंत्री आज शपथ लेंगे। इस मौके पर सपा अध्यक्ष अखिलेश तंज कसते हुए कहा कि 9 महीनों में ये मंत्री क्या कर लेंगे? जब 9 साल में ये सरकार कुछ न कर सकी। साथ ही 12 सवाल भी पूछे हैं।

योगी सरकार का बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार रविवार यानी आज होने जा रहा है। टीम योगी में छह नए चेहरे शामिल होंगे। योगी कैबिनेट का यह दूसरा विस्तार होगा। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 3.30 बजे से जनभवन में होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इससे पूर्व शनिवार शाम राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से मुलाकात की। उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल होने वालों की सूची सौंपी। शपथ लेने वालों में भूपेंद्र चौधरी, मनोज पांडेय, पूजा पाल, सुरेंद्र दिलेर, कृष्णा पासवान और हंसराज विश्वकर्मा के नाम शामिल हैं।
जिस पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तंज कसा है। उन्होने 12 सवाल भी पूछे हैं। एक्स पर किए पोस्ट में सपा अध्यक्ष ने लिखा कि जनता ये भी पूछ रही है कि आखिरी 9 महीनों में ये मंत्री क्या कर लेंगे? जब 9 साल में ये सरकार कुछ न कर सकी। ये भी केवल वही करेंगे जो भाजपा सरकार ने किया है। शायराना अंदाज में लिखा कि तुम थे जिनके सहारे, वो हुए न तुम्हारे… वो तो ठग हैं पुराने… तुम ये सच न जाने…।
योगी कैबिनेट विस्तार पर अखिलेश ने पूछे 12 सवाल
अखिलेश ने पूछा कि जब मंत्रिमंडल में केवल 6 रिक्तियां हैं और दल बदलकर भाजपा में आने वालों की संख्या उससे अधिक है, तो मंत्री पद किसे मिलेगा और किस आधार पर मिलेगा। उन्होंने सवाल किया कि क्या कमजोर नेताओं को साधने के लिए मंत्री बनाया जाएगा या फिर किसी खास समाज को संतुष्ट करने की कोशिश होगी। सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि यदि कुछ नेताओं को मंत्री बनाया गया तो बाकी उपेक्षित नेता खुद को ठगा महसूस करेंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा किसी की सगी नहीं है और दल बदलने वाले नेताओं को भी इसका एहसास हो जाएगा।
योगी कैबिनेट में अभी सीएम और दो डिप्टी सीएम समेत कुल 5 मंत्री
योगी 2.0 की बात करें तो शपथ 25 मार्च 2022 को हुआ था। तब मुख्यमंत्री और दो उपमुख्यमंत्रियों सहित 52 मंत्रियों ने शपथ ली थी। इनमें 18 कैबिनेट, 14 राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार व 20 राज्यमंत्री थे। पहला विस्तार लोकसभा चुनाव से पहले पांच मार्च 2024 को हुआ था। इसमें चार कैबिनेट मंत्रियों ने शपथ ली थी, जिनमें सुभासपा के ओमप्रकाश राजभर, रालोद के अनिल कुमार, भाजपा के सुनील शर्मा और दारा सिंह चौहान थे। इस तरह मंत्रियों की संख्या बढ़कर 56 हो गई थी। जितिन प्रसाद, अनूप प्रधान के सांसद चुने जाने के बाद टीम योगी के सदस्यों की संख्या घटकर 54 रह गई थी।
कुछ मंत्रियों के विभाग बदले जाने की चर्चा
इस बार कुछ मंत्रियों के विभाग बदले जाने की भी चर्चा है। इस नए मंत्रिमंडल विस्तार में शामिल होने वाले चेहरों के जरिए भाजपा विपक्ष के पीडीए का जवाब देने का भी प्रयास करेगी। खास बात यह है कि नये मंत्रियों में दो चेहरे मनोज पांडेय और पूजा पाल सपा से ही भाजपा में शामिल हुए थे।




साइन इन